कानपुर चकेरी में युवक का शव घर में मिला:दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना, दरवाजा तोड़कर निकाला शव
कानपुर के चकेरी में सोमवार सुबह एक घर में कई दिन पुराना शव मिला। सूचना पर चकेरी थाने की पुलिस, फोरेंसिक टीम और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर दरवाजा तोड़ा तो कई दिन पुराना शव निकला। युवक का शव औंधे मुंह जमीन पर पड़ा हुआ था। चकेरी पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पत्नी की मौत के बाद अवसाद में था युवक चकेरी थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान 35 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई। वह मूलरूप से जाजमऊ थाना क्षेत्र के ताड़बगिया, दुर्गा बिहार का रहने वाला था। उसकी पत्नी राधादेवी की करीब 5 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिवार में तीन बच्चे वैष्णवी, आर्यन और परी हैं। पत्नी की मौत के बाद से ही तीनों बच्चे नौबस्ता में अपने नाना-नानी के पास रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक, विजय शराब का लती था। इसी वजह से वह परिवार से अलग चकेरी थाना क्षेत्र में जरारी गांव के पास किराए का कमरा लेकर अकेले रहता था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे पड़ोसियों ने फोन कर परिजनों को बताया कि विजय के कमरे से काफी तेज दुर्गंध आ रही है। इसके बाद परिजन आनन-फानन में वहां पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने और काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को बुलाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पत्नी की मौत के बाद टूट गया था युवक परिवार के लोगों ने बताया कि पत्नी की मौत के बाद से युवक टूट गया था। अवसाद के चलते शराब पीने लगा और फिर उसकी इस लत के चलते बच्चों को ननिहाल वालों ने लिया तो और अकेला पड़ गया। शराब का लती होने के चलते परिवार के लोग भी उसे अपने साथ नहीं रखते थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)