सपा का दावा-यूपी में अब भी एक लाख डुप्लीकेट वोटर:सीईओ को सौंपा ज्ञापन, आयोग की ओर से घोषित इनाम भी मांगा
समाजवादी पार्टी ने यूपी की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर डुप्लीकेट नाम दर्ज होने का आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के 1 लाख 73 हजार 730 पोलिंग बूथों पर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नामों की जांच की गई। इसमें करीब 1 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सामने आए हैं। सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के बिहाफ पर पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को यूपी के सीईओ को ज्ञापन देकर डुप्लीकेट नाम हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल (मदर रोल) का सत्यापन कराने पर कई जगह एक ही मतदाता का नाम, पिता का नाम, पता और उम्र समान मिली। इसके बावजूद उनके एपिक (EPIC) नंबर अलग-अलग दर्ज हैं। पार्टी का आरोप है कि ऐसे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में कई जगह दर्ज हैं। सपा ने डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम, मतदाता क्रम संख्या, पोलिंग बूथ संख्या, विधानसभा और जनपदवार विवरण ईमेल आईडी के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को भेजा है। गोरखपुर से प्रयागराज तक दिए उदाहरण पार्टी ने ज्ञापन में कई जिलों की विधानसभा सीटों के उदाहरण भी दिए हैं। इनमें गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और अलीगढ़ शामिल हैं। सपा के मुताबिक, गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 427 पर एक ही मतदाता अर्चना गुप्ता का नाम छह बार दर्ज बताया गया है। इनके पिता का नाम प्रकाश चंद्र गुप्ता, मकान नंबर 122बी, उम्र 35 साल और लिंग महिला दर्ज है। इसी तरह लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा सीट के बूथ संख्या 133 पर एक ही मतदाता शिवांशु पटेल का नाम छह बार दर्ज है। वहीं बूथ संख्या 29 पर शिवानी यादव का नाम तीन बार दर्ज बताया गया है। लखनऊ नॉर्थ के बूथ संख्या 113 पर अर्जुन वाल्मीकि का नाम भी तीन बार दर्ज होने की बात कही गई है। लखनऊ वेस्ट के बूथ संख्या 140 पर शबीना का नाम तीन बार दर्ज होने का आरोप है। प्रयागराज की शहर पश्चिमी सीट के बूथ संख्या 305 पर दानिश हसन का नाम तीन बार दर्ज मिला। शहर दक्षिणी के बूथ संख्या 409 पर सुषमा देवी और सोरांव विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 366 पर अनीता वर्मा का नाम पांच बार दर्ज होने का दावा किया गया है। इसके अलावा वाराणसी की कैंट सीट, आगरा कैंट और अलीगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी एक ही मतदाता के नाम दो से तीन बार दर्ज होने के उदाहरण ज्ञापन में दिए गए हैं। डुप्लीकेट नाम खोजने पर नकद पुरस्कार का मुद्दा उठाया सपा ने ज्ञापन में 11 नवंबर 2026 को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से की गई उस घोषणा का भी जिक्र किया है, जिसमें डुप्लीकेट मतदाता खोजने वाले राजनीतिक दल या व्यक्ति को नकद पुरस्कार देने की बात कही गई थी। पार्टी ने मांग की है कि करीब एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सबसे पहले सौंपने के आधार पर समाजवादी पार्टी को सभी नकद पुरस्कार दिए जाएं। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल श्यामलाल पाल ने कहा कि 17 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल में बड़े पैमाने पर डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम दर्ज होना गंभीर मामला है। इससे चुनाव आयोग की मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मांग की कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्भीक तरीके से संपन्न कराने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जाए। मतदाता सूची की जांच कर उसमें दर्ज डुप्लीकेट नामों को हटाया जाए और सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं दुरुस्त बनाया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)