बच्चे को एंटी वेनम की जगह रेबीज इंजेक्शन लगाया:मासूम आईसीयू में भर्ती; जांच के लिए 3 डॉक्टरों की टीम बनी

Sep 25, 2026 - 22:25
0
बच्चे को एंटी वेनम की जगह रेबीज इंजेक्शन लगाया:मासूम आईसीयू में भर्ती; जांच के लिए 3 डॉक्टरों की टीम बनी
संभल में सांप के काटने के बाद 4 साल के अदीब की हालत करीब 100 घंटे बाद भी नहीं सुधरी है। बच्चा चंदौसी रोड स्थित निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में सांप के काटने के बावजूद बच्चे को एंटी स्नेक वेनम की जगह एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। मामला सामने आने के बाद जांच के लिए 3 डॉक्टरों की टीम बनाइ गई है। मामला कैलादेवी थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव का है। कंचा निकालने के दौरान सांप ने डंसा अबुल हसन का चार वर्षीय बेटा अदीब 21 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे घर के आंगन में कंचे खेल रहा था। खेलते समय एक कंचा दीवार के छेद में चला गया। अदीब ने कंचा निकालने के लिए छेद में हाथ डाला, तभी सांप ने उसे डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप- रेबीज का इंजेक्शन लगाया परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में बच्चे को सांप के काटने का इलाज देने के बजाय एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। इसके अलावा दर्द का इंजेक्शन और दो गोलियां देकर उसे घर भेज दिया गया। शाम को दवा खाने के बाद अदीब को उल्टियां होने लगीं और उसकी हालत बिगड़ती चली गई। आंखें चढ़ने और शरीर ठंडा पड़ने पर परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। निजी अस्पताल में 21 सितंबर रात से ICU में इसके बाद परिजन अदीब को चंदौसी रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने सांप के काटने की पुष्टि की। 21 सितंबर की रात करीब 10 बजे से अदीब आईसीयू में भर्ती है। शुक्रवार शाम तक उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ था। ड्यूटी डॉक्टर बोले- मरीज मेरे सामने नहीं आया शुक्रवार शाम 7:30 बजे सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने बताया कि 21 सितंबर को ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से मामले की जानकारी ली गई। डॉक्टर ने बताया कि मरीज उनके सामने आया ही नहीं और उन्होंने उसे देखा भी नहीं। सीएमएस के मुताबिक, डॉक्टर ने बताया कि किसी और ने बच्चे को देखा था और पर्चे पर उपचार लिखा गया। तीन डॉक्टरों की टीम करेगी जांच मामले की जांच के लिए तीन चिकित्सकों की टीम गठित की गई है। सीएमएस के मुताबिक, टीम मामले की जांच कर शनिवार को रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि बच्चे को किस डॉक्टर या कर्मचारी ने देखा और उसका उपचार किस आधार पर किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User