बलिया के सोहांव गोशाला से गाय-बछड़े गायब होने का आरोप:पशु कारोबारी ने बिहार में बेचने का दावा किया, पुलिस बोली- शिकायत पर होगी कार्रवाई
बलिया के सोहांव गोशाला से पुलिस के सुपुर्द की गई गायों और बछड़ों के गायब होने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रशासक जयपाल ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। वहीं, पशु कारोबारी राहुल यादव ने नगर पालिका अध्यक्ष को आवेदन देकर गोशाला से पशुओं को बेचने का आरोप लगाया है। बिहार के छोटकाराजपुर निवासी राहुल यादव के मुताबिक, वह अमवा मोड़ से चार गाय, दो बछिया और एक बछड़ा बोलेरो पिकअप से ददरी मेले ले जा रहे थे। रास्ते में नरहीं पुलिस पहुंची और ड्राइवर को धमकाया। इसके बाद ड्राइवर भाग गया। राहुल का आरोप है कि पुलिस पशुओं को थाने ले गई और वहां से सोहांव गोशाला भेज दिया। राहुल ने दावा किया कि उनके पास नगर मजिस्ट्रेट की ओर से जारी मेला पास था। इसके बावजूद अज्ञात लोगों के खिलाफ गोहत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया और पिकअप सीज कर दी गई। भोजपुर में कसाई को बेचने का लगाया आरोप राहुल यादव का आरोप है कि गोशाला से गायों को बिहार के भोजपुर में एक कसाई को बेच दिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने कहा कि उन्होंने वीडियो में गायों के साथ बछड़ा भी देखा था। अब गोशाला से पशुओं के गायब होने की बात सामने आ रही है। उन्होंने गोशाला प्रबंधन और नरहीं पुलिस के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया। अध्यक्ष ने बताया कि वह इस मामले में पुलिस अधीक्षक से बात कर रहे हैं। पुलिस ने कहा- सीसीटीवी फुटेज देखकर होगी कार्रवाई पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात भरौली गोलंबर इलाके में वाहन जांच के दौरान अमांव मोड़ के पास एक अहाते के नजदीक तीन गाय और तीन गोवंश मिले थे। अंधेरे का फायदा उठाकर ड्राइवर और वाहन में सवार लोग भाग गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ गोतस्करी का मुकदमा दर्ज कर वाहन सीज किया और पशुओं को सोहांव गोशाला भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि बिना नंबर की गाड़ी में तीन गाय और तीन बछड़े मिले थे। ड्राइवर फरार हो गया था और इस मामले में केस दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि पशुओं के गायब होने की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)