चौक समेत 3 मेन मार्केट में ई रिक्शा प्रतिबंधित:धनतेरस पर दोपहर से कारों पर भी रोक, दोपहिया पर भीड़ के मुताबिक निर्णय
प्रयागराज में धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। शहर के प्रमुख बाजारों में इस बार चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई जाएगी। दोपहर बाद चौक, कटरा और सिविल लाइंस के बाजारों में चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। वहीं, ई-रिक्शा के संचालन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, धनतेरस के दिन यातायात प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। बाजारों में भीड़ बढ़ने की स्थिति में दोपहिया वाहनों के प्रवेश को लेकर भी फैसला लिया जाएगा। यानी जरूरत पड़ने पर प्रमुख बाजारों में बाइक और स्कूटी की आवाजाही भी रोकी जा सकती है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर द्वितीय रविंद्र त्रिपाठी ने बताया कि त्योहारों पर लोगों को जाम से बचाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। धनतेरस पर चौक, लोकनाथ, बहादुरगंज, कटरा और सिविल लाइंस समेत शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा के साथ चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी पाबंदी लगाने का निर्णय लिया है। दोपहर बाद से प्रमुख बाजारों में चार पहिया वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। वहीं, दोपहिया वाहनों को लेकर मौके की स्थिति के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। यातायात पुलिस की टीमें प्रमुख चौराहों और बाजारों के आसपास तैनात रहेंगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ट्रैफिक प्रतिबंधों का पालन करें और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)