छठ से पहले वाराणसी स्टेशन पर घर लौटने की होड़:कोई ट्रेन के दरवाजे पर बैठा, तो कोई ऑक्सीजन मशीन लेकर कर रहा इंतजार
दीपावली बीत गई, लेकिन दूसरे शहरों में काम करने वाले लोगों का अपने घर लौटने का सिलसिला थमा नहीं है। छठ पर्व शुरू होने से पहले वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। हर किसी को बस जल्द से जल्द अपने घर पहुंचना है। किसी को ट्रेन में बैठने की जगह नहीं मिल रही, तो कोई दरवाजे के पास बैठकर सफर कर रहा है। कुछ यात्री पूरी रात खड़े होकर सफर करने के बाद वाराणसी पहुंचे हैं। वहीं, इलाज के लिए आए मरीज और उनके परिजन भी अब वापसी की ट्रेन में जगह तलाश रहे हैं। पहले देखे तस्वीरें… मुंबई से पूरी रात खड़े होकर पहुंचे, अब बाथरूम के पास मिली जगह स्टेशन पर मिले एक यात्री ने बताया कि वह अहमदाबाद से खड़े होकर वाराणसी पहुंचे हैं। ट्रेन में बैठने की जगह नहीं मिली। अब दूसरी ट्रेन में कुछ जगह मिली तो बाथरूम के पास बैठकर सफर कर रहे हैं। वहीं, मुंबई से आए एक यात्री ने बताया कि पूरी रात ट्रेन में खड़े होकर सफर करना पड़ा। त्योहार पर घर पहुंचना जरूरी है, इसलिए परेशानी के बावजूद सफर करना पड़ा। मां को बीएचयू दिखाने आए, अब वापसी की ट्रेन नहीं मिल रही भीड़ के बीच ऐसे यात्री भी हैं, जो छठ मनाने नहीं बल्कि इलाज के लिए वाराणसी आए थे। एक यात्री ने बताया कि वह अपनी मां को बीएचयू में दिखाने लाए थे। लेकिन ट्रेन लेट होने के कारण समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाए और पर्चा भी नहीं बन सका। अब वापस लौटना है, लेकिन ट्रेनों में टिकट नहीं मिल रहा। बीमार मां को लेकर कैसे लौटें, यह उनके सामने सबसे बड़ी परेशानी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)