चित्रकूट के 39 गांवों में पानी की सप्लाई शुरू नहीं:चांदी बांगर योजना के 286 में से 247 गांवों तक पहुंचा पानी

Nov 26, 2026 - 07:51
0
चित्रकूट के 39 गांवों में पानी की सप्लाई शुरू नहीं:चांदी बांगर योजना के 286 में से 247 गांवों तक पहुंचा पानी
चित्रकूट में चांदी बांगर और जीवीपीआर पेयजल योजनाओं के तहत 42 गांवों में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। प्रशासन ने काम में तेजी लाने और तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार रात 9 बजे अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) स्वप्निल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें दोनों योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। पर्याप्त श्रमिक नहीं होने से कई गांवों में काम अधूरा मिला। चांदी बांगर ग्राम समूह पेयजल योजना के 286 गांवों में से 247 में पानी की सप्लाई शुरू हो चुकी है। बाकी 39 गांवों में नियमित सप्लाई शुरू नहीं हुई है। एलएंडटी के अधिकारियों ने बताया कि पर्याप्त श्रमिक नहीं होने से काम पूरा नहीं हो पाया। एडीएम ने प्रोजेक्ट मैनेजर को अतिरिक्त श्रमिक और जरूरी संसाधन लगाकर बाकी काम जल्द पूरा करने को कहा। जीवीपीआर योजना के 69 गांवों में से 66 में पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। बाकी तीन गांवों में काम अधूरा है। एडीएम ने संबंधित प्रोजेक्ट मैनेजर को श्रमिक बढ़ाकर वहां भी नियमित सप्लाई शुरू कराने के निर्देश दिए। एडीएम ने जिले की सभी रेट्रोफिटिंग कार्यदायी संस्थाओं को दिसंबर 2026 तक हर घर जल प्रमाणीकरण पूरा करने को कहा। जल अर्पण कार्यक्रम के तहत भी प्रमाणीकरण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। एलएंडटी और जीवीपीआर को सेपरेट फीडर के एस्टीमेट समेत योजनाओं का संशोधित प्रस्ताव (वैरिएशन) एक सप्ताह के भीतर देने को कहा गया। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन से मंजूरी के बाद प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जाएगा। एडीएम ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान टूटी सड़कों और अन्य परिसंपत्तियों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने को कहा। बैठक में जल निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक और अवर अभियंता, दोनों कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User