विधानसभा चुनाव–2027 में साइलेंट जवाब देगी जनता:सहारनपुर में साध्वी प्राची बोलीं-योगी का बुलडोजर भी गरजेगा और कमल भी खिलेगा; अखिलेश-राहुल पर कर रहे तुष्टिकरण की राजनीति
सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी यूनिवर्सिटी पहुंचीं साध्वी प्राची ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विपक्ष पर तीखे हमले किए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी। कहा कि चुनाव में योगी का बुलडोजर भी गरजेगा और कमल का फूल भी खिलेगा। विपक्ष के विकास, जातिगत जनगणना और PDA के मुद्दों को उन्होंने जनता को गुमराह करने की राजनीति बताया। साध्वी प्राची ने अखिलेश यादव, राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का एकमात्र उद्देश्य कुर्सी हासिल करना है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के संभावित तीसरे मोर्चे को भी भाजपा के लिए न तो नुकसान और न ही फायदा बताया। दलित-मुस्लिम गठबंधन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आजम खान के पुराने मामलों का जिक्र किया। वहीं, तमिलनाडु में देव दीपावली से जुड़े विवाद को लेकर भी उन्होंने यूपी के मतदाताओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील की। पढ़िए....क्या बोली साध्वी प्राची सवाल: 2027 में भाजपा विकास के दम पर चुनाव जीतेगी या हिंदुत्व और योगी के बुलडोजर मॉडल के सहारे? जवाब: सवाल को कितना भी घुमा लीजिए, 2027 में भाजपा की सरकार बनेगी। उसे कोई रोक नहीं पाएगा। पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनेगी। योगी का बुलडोजर भी गरजेगा और कमल का फूल भी खिलेगा। प्रदेश का विकास होगा और अपराधियों पर अंकुश लगेगा। भाजपा ने जितना विकास किया है, उतना पिछले 70 सालों में नहीं हुआ। पूरे देश में सड़कों का जाल बिछाया गया है। सवाल: विपक्ष का कहना है कि भाजपा विकास के मुद्दे पर कमजोर पड़ रही है और हिंदुत्व के मुद्दे पर उसे उसी की भाषा में जवाब दे रहा है। क्या यह भाजपा के लिए चुनौती नहीं है? जवाब: जनता सब जान चुकी है। रोज रंग बदलने वाले गिरगिटों को पहचानने लगी है। कुछ लोग घर में हनुमान चालीसा पढ़ते हैं और सड़क पर आकर रामजी का विरोध करते हैं। जनता ने मन बना लिया है। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ अपना परचम लहराएगी। सवाल: अखिलेश यादव का PDA और कांग्रेस की जातिगत जनगणना की राजनीति क्या भाजपा के एजेंडे पर भारी पड़ सकती है? जवाब: बिल्कुल नहीं। इन लोगों ने 70 साल तक देश को गुमराह किया है। चाहे अखिलेश यादव हों या राहुल गांधी और सोनिया गांधी, विपक्ष का एकमात्र ध्येय कुर्सी हासिल करना है। जनता सब जानती है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जो देश, सनातन, संस्कार और संस्कृति को बचाने के लिए काम कर रही है। सवाल: चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के तीसरे मोर्चे को विपक्ष भाजपा की बी टीम बता रहा है। क्या यह गठबंधन भाजपा को फायदा पहुंचा सकता है? जवाब: विपक्ष अपनी टीम क्यों नहीं बना रहा है? सपा और कांग्रेस के बीच मुस्लिम वोटों को लेकर खींचतान चल रही है। किसी मोर्चे से भाजपा को न नुकसान है और न फायदा। भाजपा ने अपने काम के दम पर चुनाव जीते हैं और आगे भी जीतेगी। सवाल: सपा-कांग्रेस की मुस्लिम वोटों को लेकर खींचतान और भाजपा पर तुष्टिकरण के आरोपों के बीच क्या भाजपा को अपनी चुनावी रणनीति बदलनी चाहिए? जवाब: मुस्लिम तुष्टिकरण का खेल विपक्ष आजादी के बाद से ही खेलता आया है। जनता इसे समझ चुकी है। जो लोग सनातन की धज्जियां उड़ाते हैं और केवल मुस्लिम वोटों के लिए राजनीति करते हैं, उन्हें जनता 2027 में जवाब देगी। भाजपा की ही सरकार बनेगी। सवाल: ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का तीसरा मोर्चा मुस्लिम और दलित राजनीति को एक मंच पर लाने की कोशिश है। क्या इसे सामाजिक एकता के प्रयास के रूप में नहीं देखना चाहिए? जवाब: मैं 2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार के समय का मामला याद दिलाना चाहती हूं। रामपुर के आजम खान ने दलितों के घर तुड़वाए थे। उस समय दलितों के लिए कौन खड़ा हुआ था? मैं खुद अपने दलित भाइयों के घर बचाने पहुंची थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान दलित परिवारों पर दबाव बनाया गया और धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश भी हुई। दलित समाज इन घटनाओं को भूला नहीं है। जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी। सवाल: भाजपा ने रविदास जयंती पर समरसता संकल्प यात्रा निकालकर दलित समाज तक पहुंच बनाने की कोशिश की है। क्या यह चुनावी रणनीति का हिस्सा नहीं है? जवाब: भाजपा हमेशा से सामाजिक समरसता की बात करती आई है। ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र, हम सभी एक हैं और सनातनी हैं। सभी का डीएनए एक है। भाजपा समाज को जोड़ने का काम करती है। सवाल: तमिलनाडु में देव दीपावली से जुड़े विवाद पर आपका क्या कहना है? क्या इसका असर यूपी की राजनीति पर भी पड़ेगा? जवाब: तमिलनाडु में विजय थलपति को लेकर जो मामला सामने आया है, उससे लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं। मैं यूपी के मतदाताओं से अपील करना चाहती हूं कि वे तमिलनाडु के लोगों की भावनाओं को समझें और उनका सम्मान करें। भाजपा के शासन में हिंदुओं के त्योहार अच्छे से मनाए जा रहे हैं। हिंदुओं के मान-सम्मान और संस्कारों का ध्यान रखा जा रहा है। इसलिए भाजपा का समर्थन करें और केवल वोटर नहीं, सपोर्टर बनें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)