देशज महोत्सव में कई प्रदेश के पेश किए गए लोकनृत्य:लखनऊ में भवई नृत्य ने दर्शकों को मन मोहा; दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन

Nov 21, 2026 - 23:11
0
देशज महोत्सव में कई प्रदेश के पेश किए गए लोकनृत्य:लखनऊ में भवई नृत्य ने दर्शकों को मन मोहा; दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में देशभर की लोकसंस्कृति के रंग देखने को मिले। राजस्थान की चकरी और घूमर, महाराष्ट्र की लावणी और गुजरात के भवई नृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया। लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक वेशभूषा के जरिए कलाकारों ने भारतीय संस्कृति की विविधता पेश की। मौका था सोनचिरैया संस्था की ओर से आयोजित देशज महोत्सव के छठे संस्करण का। दो दिवसीय महोत्सव का शनिवार को समापन हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह और पद्मश्री लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने किया। इसके बाद कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। जनजातीय संस्कृति से लोकनाट्य तक की झलक ओडिशा की बोंडा परंपरा पर आधारित प्रस्तुति में जनजातीय जीवनशैली और पारंपरिक पहनावे की झलक दिखी। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया छऊ नृत्य की भाव-भंगिमाओं ने दर्शकों का ध्यान खींचा। वहीं, पूर्वांचल के धोबिया नृत्य में ग्रामीण जीवन और लोकलय का संगम नजर आया। अवध के नकटौरा और सिक्किम के याक छम नृत्य ने भी दर्शकों को आकर्षित किया। मध्य प्रदेश के गोंडी नृत्य में आदिवासी संस्कृति के रंग दिखे। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने सामूहिक नृत्य और संगीत से दर्शकों का मन मोह लिया। राजस्थान के चकरी नृत्य में कलाकारों की तेज गति और घूमती मुद्राएं आकर्षण का केंद्र रहीं। नौटंकी और आल्हा ने जगाया उत्साह कानपुर की नौटंकी ने लोकमंच की पुरानी परंपरा को जीवंत किया। वहीं, लोकगायिका संजू बघेल ने बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति और लोकजीवन को अपनी प्रस्तुति में उतारा। आल्हा गाथाओं ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। मालिनी अवस्थी ने कलाकारों का हौसला बढ़ाया। युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने कहा कि देशज जैसे आयोजन युवाओं को अपनी मिट्टी और संस्कृति से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। आज युवा पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में लोककलाओं से उनका परिचय कराना जरूरी है। यह आयोजन तनाव से जूझ रहे युवाओं को खुशी के पल देने के साथ अपनी विरासत समझने का अवसर भी देता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User