आगरा में शादियों-बरातों से शहर जाम हुआ:पांच मिनट का सफर सत्तर मिनट में तय हुआ, पुलिस इंतजाम धरे रह गए
आगरा शहर में शनिवार को शादियों और बरातों के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पुलिस के सारे इंतजाम धरे रह गए। जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, शादी समारोहों और बरातों की वजह से सड़कों पर वाहनों का दबाव इतना बढ़ा कि लोग भीषण जाम में फंस गए। लोगों को पांच मिनट की दूरी तय करने में 60 से 70 मिनट लगे।पुराने शहर से लेकर एमजी रोड के रावली और हरीपर्वत तक वाहन रेंगते रहे। लोगों का आरोप है कि जाम खुलवाने के लिए जिम्मेदार अफसरों ने दफ्तरों से बाहर निकलने की जहमत तक नहीं उठाई। खाटू श्याम मंदिर के आयोजन को लेकर फोर्स तो तैनात की गई, पर यातायात प्रबंधन दुरुस्त नहीं रहा। नतीजतन शाम चार बजे से ही जीवनी मंडी के आसपास वाहनों के फंसने का सिलसिला शुरू हो गया। वाटरवर्क्स से वाहनों को सुल्तानगंज पुलिया की ओर डायवर्ट किया गया। यमुना किनारा मार्ग से आने वाले वाहनों को जीवनी मंडी चौराहे से विजय नगर कॉलोनी की तरफ निकाला गया। दबाव बढ़ते ही मन:कामेश्वर मंदिर द्वार से जीवनी मंडी तक वाहनों की कतारें लग गईं। यहां लोगों को 100 मीटर पार करने में 15 से 20 मिनट लगे। शाम को सड़कों पर शहनाइयों के बीच बैंड-बाजे के साथ बरातें निकलने से स्थिति और गंभीर हो गई। नाचते-गाते बरातियों के पीछे वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं। हाईवे से लेकर शहर के अंदर तक जाम की स्थिति बनी रही। मेट्रो कार्य और अतिक्रमण का भी असर
एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण की वजह से साईं की तकिया से रावली तक वाहन फंसे रहे। एसबीआई तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस के बावजूद एक मिनट की दूरी तय करने में 20 से 25 मिनट लगे। स्कूल छूटने के समय हरीपर्वत चौराहे पर यू-टर्न लेते वक्त भी जाम लगा। बेलनगंज के व्यापारी अमित खंडेलवाल ने बताया कि दुकानों के आगे अतिक्रमण से सड़क आधी रह जाती है।खाटू श्याम जी मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन से अनुमति ली गई थी और समिति ने मंदिर परिसर में व्यवस्था संभाली। मगर सड़क पर यातायात प्रबंधन व डायवर्जन की जिम्मेदारी पुलिस की थी, जो नाकाफी रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)