देवरिया में 166 जोड़ों ने लिए फेरे, 12 का निकाह:178 नवदंपतियों को जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद, वैदिक मंत्रों के बीच विवाह
देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र स्थित कुशहरी महोत्सव परिसर में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 178 जोड़ों का विवाह कराया गया। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चला। इनमें 166 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़े शामिल थे। हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ। कार्यक्रम में कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही और पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने नवदंपतियों को वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र कुमार चौरसिया सहित भाजपा के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कुशहरी महोत्सव के अध्यक्ष रितेश पांडेय, जिला पंचायत सदस्य अमित कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय सहित अन्य अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए चलाई जा रही है। तीन लाख रुपए तक सालाना आय वाले सभी वर्गों के परिवार इस योजना का लाभ ले सकते हैं। योजना के तहत हर जोड़े पर एक लाख रुपए खर्च किए जाते हैं। इसमें 64 हजार रुपए कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं और 21 हजार रुपए की गृहस्थी की सामग्री दी जाती है। बाकी 15 हजार रुपए आयोजन पर खर्च होते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)