संभल में पुलिस मुठभेड़ में बहनोई का हत्यारा साला गिरफ्तार:पैर में गोली लगने से घायल, पिस्टल और कारतूस बरामद
संभल में बहनोई की हत्या का बदला लेने के लिए उसकी गोली मारकर हत्या करने वाले साले को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार रात करीब 9:40 बजे थाना बनियाठेर क्षेत्र के मोहम्मदगंज रोड पर पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरौली में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से 32 बोर की पिस्टल, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तीन नवंबर को थाना बनियाठेर क्षेत्र में विक्रम चौधरी (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं। थाना बनियाठेर, चंदौसी कोतवाली, सर्विलांस और एसओजी की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। एसपी के मुताबिक, गुरुवार रात पुलिस को बनियाठेर क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति के होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मोहम्मदगंज रोड पर घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसकी पहचान अंकुश पुत्र विजयपाल निवासी नरौली, थाना बनियाठेर के रूप में हुई। दो साल पहले हुई थी अंकुश के भाई की हत्या पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि विक्रम और अंकुश के बीच साले-बहनोई का रिश्ता था। करीब दो साल पहले विक्रम ने अंकुश के भाई टीटू चौधरी की हत्या कराई थी। इसी का बदला लेने के लिए अंकुश ने विक्रम की हत्या की। आरोपी के पास से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, 32 बोर की पिस्टल, एक खोखा कारतूस और कुछ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। डेढ़ लाख रुपये में दी थी साले की हत्या की सुपारी पुलिस जांच के मुताबिक, तीन दिसंबर 2024 की रात करीब 8:45 बजे नरौली नगर पंचायत के मकूपुरा निवासी टीटू चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ग्राहक बनकर पहुंचे तीन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया था। जांच में विक्रम का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। बताया गया कि विक्रम ने अपने अपमान का बदला लेने के लिए अपने दो सालों की हत्या की सुपारी डेढ़ लाख रुपये में दी थी। पूछताछ में उसने बताया था कि करीब नौ साल पहले उसकी शादी सविता से हुई थी। पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार उसके प्रति अच्छा नहीं था। 27 नवंबर 2024 को पत्नी से विवाद के बाद छोटा साला अंकुश वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट की। इससे वह गांव के सामने अपमानित महसूस कर रहा था। गैंगस्टर फैजान अली से कराई थी मुलाकात पुलिस के मुताबिक, विक्रम के दोस्त बाइक मिस्त्री लवी और नदीम ने उसकी मुलाकात संभल के ऐंचौड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के मंडावली निवासी फैजान अली से कराई थी। फैजान पर बिजनौर में गैंगस्टर का मामला दर्ज बताया गया है। आरोप है कि तीन दिसंबर को फैजान ने टीटू को गोली मार दी थी। इसके बाद विक्रम अदालत से तारीख करने के बाद तीन नवंबर की शाम बाइक से घर लौट रहा था, तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)