मथुरा में नियम तोड़ने पर 2396 वाहन चालकों के चालान:छात्रों-आम लोगों को सड़क सुरक्षा के नियम बताए
मथुरा में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत गुरुवार को यातायात पुलिस ने शहर में जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले 2396 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की टीम ने विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान विद्यालय में प्रधानाचार्य और शिक्षकगणों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें अनुशासित तरीके से वाहन चलाने और निर्धारित उम्र से पहले वाहन न चलाने की शपथ दिलाई गई। यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त स्थानों पर भी अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को पंपलेट वितरित किए और यातायात नियमों की पुस्तिकाएं देकर उनका पालन करने की अपील की। पुलिस द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनसंदेश अभियान भी चलाया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि नशे में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। यातायात पुलिस की ओर से एक तरफ जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नियमों के प्रति सजग किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। दैनिक चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 2396 वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)