दिसंबर से टीबी मरीजों की पहचान के लिए अभियान चलेगा:अम्बेडकनगर में 16 टीमें घर-घर जाकर जांचेंगी उपचार और पोषण की स्थिति
अम्बेडकनगर में टीबी मरीजों की पहचान, उपचार और पोषण की निगरानी के लिए दिसंबर से विशेष अभियान चलेगा। इसके लिए 16 टीमें बनाई गई हैं। हर टीम में 10 सदस्य होंगे। इनमें पांच एनसीसी कैडेट और पांच माई भारत पोर्टल से चुने गए स्वयंसेवक शामिल होंगे। टीमें गांवों और शहरी इलाकों में घर-घर जाकर मरीजों की स्थिति जानेंगी।
अभियान में टीबी के लक्षण वाले लोगों की पहचान और स्क्रीनिंग में मदद की जाएगी। टीम के सदस्य मरीजों के नियमित उपचार की जानकारी भी जुटाएंगे। वे यह देखेंगे कि मरीज समय पर दवा ले रहे हैं या नहीं और उन्हें पौष्टिक भोजन मिल रहा है या नहीं। ज्यादा जोखिम वाले इलाकों में स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
जिले में अभी टीबी के 2537 मरीज पंजीकृत हैं। इनमें से 2417 मरीजों को अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों ने गोद लिया है। गोद लिए गए मरीजों को हर महीने अपने खर्च से पोषण पोटली दी जा रही है। इसमें चना, गुड़ और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल हैं।
जिला काउंसलर अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि मरीजों को पोषण सहायता देने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को भी निक्षय मित्र बनाने की तैयारी है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जय प्रकाश ने बताया कि दिसंबर में टीबी मरीज खोज अभियान चलेगा। जोश पोर्टल पर फीडबैक भी लिया जाएगा।
जिला स्तरीय समिति अभियान की निगरानी और तालमेल करेगी। ब्लॉक नोडल अधिकारी सप्ताह में कम से कम एक बार इलाके का दौरा कर गतिविधियों की जांच करेंगे। अभियान के तहत मरीजों को नियमित जांच, दवा और पोषण उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)