भारत फाइनेंस के कर्मचारी ने किया 95 हजार का गबन:सहारनपुर में सात महिला सदस्यों से कर्ज की किस्तें और बकाया खत्म कराने के नाम पर वसूली थी रकम

Nov 29, 2026 - 06:39
0
भारत फाइनेंस के कर्मचारी ने किया 95 हजार का गबन:सहारनपुर में सात महिला सदस्यों से कर्ज की किस्तें और बकाया खत्म कराने के नाम पर वसूली थी रकम
सहारनपुर में भारत फाइनेंस इंक्लूजन लिमिटेड की सहारनपुर शाखा में कार्यरत एक कर्मचारी पर सात महिला सदस्यों से करीब 95 हजार 684 रुपए की वसूली कर रकम शाखा के खाते में जमा नहीं करने का आरोप लगा है। आरोप है कि कर्मचारी ने महिलाओं से कर्ज की किस्तें जमा कराने और बकाया ऋण खत्म कराने के नाम पर नकद रुपये लिए थे। इसके बाद रकम को शाखा में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिया। मामले में शाखा प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भारत फाइनेंस इंक्लूजन लिमिटेड के शाखा प्रबंधक कमल कुमार ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी कंपनी गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आसान केवाईसी प्रक्रिया के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराती है। कंपनी की ओर से महिलाओं से साप्ताहिक किस्तों में ऋण की वसूली की जाती है। कंपनी इंडसइंड बैंक की सहायक कंपनी है। सहारनपुर शाखा में अंशुल पुत्र भोपाल सिंह निवासी ग्राम हिरनवाड़ा, थाना भवन, जिला शामली संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसका काम फील्ड में जाकर महिला सदस्यों से किस्तों की रकम एकत्र करना और उसी दिन शाखा के खाते में जमा करना था। सात महिलाओं से वसूले 95,684 रुपए शिकायत के अनुसार, आरोपी कर्मचारी ने सात महिला सदस्यों से अलग-अलग तारीखों में नकद रकम ली थी। इनमें रेखा देवी से 3 जून 2026 को 13,800 रुपये, इंद्रा से 13 मई 2026 को 30 हजार रुपये, दीपा रानी से 10 जून 2026 को 13 हजार रुपये और पूनम देवी से 10 जून 2026 को 39,500 रुपये लेने का आरोप है। इसी तरह संगीता देवी से 3 अप्रैल 2026 को 22 हजार रुपये, वकीला से 13 मई 2026 को 10 हजार रुपये और सविता से 20 मई 2026 को 13,158 रुपये नकद लेने की बात शिकायत में कही गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कर्मचारी ने कुछ महिलाओं से कर्ज की किस्तें खत्म कराने के नाम पर तो कुछ से अधिक ऋण दिलाने का झांसा देकर रकम ली थी। किस्तों में जमा करता रहा रकम, ऑडिट में खुला मामला शाखा प्रबंधक के मुताबिक, आरोपी कर्मचारी एकत्र की गई रकम को एक साथ जमा करने के बजाय किस्तों में जमा करता रहा, ताकि उसकी गतिविधियों पर किसी को शक न हो। जबकि कंपनी के नियमों के अनुसार फील्ड से एकत्र की गई रकम उसी दिन शाखा के खाते में जमा करना जरूरी था। बाद में महिला सदस्यों के ऋण खातों की जांच में बकाया रकम सामने आई। शिकायत में रेखा देवी के खाते में 10,359 रुपये, इंद्रा के खाते में 22,697 रुपये, दीपा रानी के खाते में 10,900 रुपये, पूनम देवी के खाते में 28,459 रुपये, संगीता देवी के खाते में 15,391 रुपये, वकीला के खाते में 2,878 रुपये और सविता के खाते में 5 हजार रुपये बकाया दर्शाए गए हैं। इन सभी की कुल रकम 95,684 रुपये बताई गई है। ऑडिट में गड़बड़ी मिलने पर कर्मचारी से मांगा जवाब शाखा प्रबंधक ने बताया कि कर्मचारी की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद मामले की आंतरिक ऑडिट जांच कराई गई। इसमें महिला सदस्यों से एकत्र की गई रकम शाखा में जमा नहीं होने की गड़बड़ी सामने आई। इस संबंध में कर्मचारी से बात की गई तो उसने न तो रकम जमा की और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया। आरोप है कि इसके बाद कर्मचारी बिना सूचना दिए घर चला गया। शाखा प्रबंधक ने उसके घर जाकर भी रकम के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। पहले सदर थाने में दी थी शिकायत शाखा प्रबंधक कमल कुमार ने बताया कि इस मामले में पहले थाना सदर बाजार के प्रभारी को भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। शिकायत में कर्मचारी पर कंपनी की रकम का गबन करने और विश्वासघात करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अंशुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User