दिव्यांग की किराने की दुकान में लगी आग:श्रावस्ती में दिव्यांग के सामने रोजी-रोटी का संकट
श्रावस्ती में भिनगा कोतवाली क्षेत्र के मुर्तिहा भयापुरवा गांव में बुधवार रात करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से लल्लो सिंह के घर में भीषण आग लग गई। बुधवार दोपहर 1:00 बजे पीड़ित ने बताया कि आग की चपेट में आकर फूंस के घर का पूरा सामान और घर में संचालित किराने की छोटी दुकान जलकर राख हो गई। हादसे में करीब 12 हजार रुपये नकद भी जल गए। स्थानीय लोगों से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार लल्लो सिंह अविवाहित हैं और एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपना जीवन यापन करते थे। उन्होंने मेहनत से पैसे जोड़कर घर में ही छोटी किराने की दुकान शुरू की थी, जो उनकी आजीविका का सहारा थी। लेकिन आग ने उनकी वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी को पलभर में राख कर दिया। अब उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित किसी तरह सुरक्षित बाहर निकला पड़ोसी बीना सिंह के मुताबिक, आग मकान के पूर्वी कोने से लगी थी। आग के चलते घर से बाहर निकलने का रास्ता भी बंद हो गया था। हालांकि, घर के अंदर मौजूद पीड़ित किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस अग्निकांड के बाद दिव्यांग लल्लो सिंह के सामने जीवनयापन की चुनौती खड़ी हो गई है। पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है, ताकि वह दोबारा अपनी दुकान शुरू कर सकें और जीवन की गाड़ी आगे बढ़ा सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)