दंपती की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, बच्चे की मौत:अयोध्या में शादी से लौट रहे थे, गंभीर रूप से महिला जिला अस्पताल रेफर
अयोध्या के रुदौली क्षेत्र के शुजागंज बाजार में रविवार शाम मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दंपती का तीन वर्षीय बेटा हुजैफा गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मां को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसा एकॉर्ड हॉस्पिटल से कुछ दूरी पर हुआ। पीछे से आ रही बाइक ट्रॉली से टकराई प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली शुजागंज से भेलसर की ओर जा रही थी। इसी दिशा में पीछे से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपती और उनका बच्चा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। जानकारी के अनुसार, बाबा बाजार थाना क्षेत्र के चंद्रमऊ रसीदपट्टी निवासी मुशर्रफ खान अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बेटे हुजैफा के साथ शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान शुजागंज बाजार के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के कब्जे में सूचना मिलते ही शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। बच्चे के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)