आगरा कॉलेज-मेट्रो विवाद:मंत्री बोले- खेल मैदान पर छात्रों का अधिकार रहेगा सुरक्षित, पैमाइश के बाद निकलेगा समाधान
आगरा कॉलेज के खेल मैदान को लेकर चल रहे विवाद पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा है कि कॉलेज के करीब 19 हजार विद्यार्थियों के खेल अधिकारों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। आगरा मेट्रो शहर के विकास की महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन विद्यार्थियों की खेल सुविधाओं से समझौता भी स्वीकार नहीं होगा। दोनों पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए तथ्यों के आधार पर समाधान निकाला जाएगा।
मंत्री ने कहा कि आगरा कॉलेज का खेल मैदान हजारों विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं से जुड़ा है। वहीं, मेट्रो परियोजना शहर के विकास के लिए जरूरी है। विकास और छात्रहित को एक-दूसरे के विरोध में खड़ा करना उचित नहीं है। सरकार की प्राथमिकता है कि मेट्रो निर्माण भी आगे बढ़े और विद्यार्थियों की शैक्षणिक व खेल सुविधाएं भी सुरक्षित रहें।
सोमवार को पैमाइश के बाद स्थिति स्पष्ट होगी
मंत्री ने सोमवार को प्रस्तावित पैमाइश का स्वागत करते हुए कहा कि इससे जमीन की वास्तविक स्थिति और उससे जुड़े तथ्यों का पता चलेगा। कॉलेज प्रशासन और मेट्रो अधिकारियों के बीच किसी तरह का भ्रम या मतभेद है तो उसे दस्तावेजों और आपसी संवाद से दूर किया जाएगा। किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले निष्पक्ष जांच जरूरी है।
खेल गतिविधियां प्रभावित हुईं तो वैकल्पिक व्यवस्था
योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मेट्रो अधिकारियों को निर्माण के दौरान कॉलेज की खेल सुविधाओं और विद्यार्थियों की जरूरतों का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्माण कार्य से खेल गतिविधियां प्रभावित हुई हैं तो विद्यार्थियों के लिए तत्काल वैकल्पिक खेल मैदान की व्यवस्था के विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा।
कॉलेज प्रबंधन, शिक्षक, छात्र प्रतिनिधियों और मेट्रो अधिकारियों के साथ बातचीत कर व्यावहारिक समाधान निकाला जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह विषय राजनीति या आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के भविष्य और सुविधाओं का है। सरकार तथ्यों और जनहित के आधार पर फैसला करेगी।
उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ जनहित का संरक्षण भी कर रही है। आगरा मेट्रो का निर्माण शहर के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके नाम पर विद्यार्थियों के खेल अधिकारों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। ऐसा समाधान निकाला जाएगा, जिससे विकास भी जारी रहे और विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा निखारने का पूरा अवसर मिले।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)