वाराणसी की आज की 10 बड़ी खबरें:एटीएम बूथ पर मदद के बहाने कार्ड बदलकर 50 हजार निकाले, हनुमान घाट बना ‘मिनी तमिलनाडु'

Nov 29, 2026 - 19:17
0
वाराणसी की आज की 10 बड़ी खबरें:एटीएम बूथ पर मदद के बहाने कार्ड बदलकर 50 हजार निकाले, हनुमान घाट बना  ‘मिनी तमिलनाडु'
नमस्कार, वाराणसी की आज (रविवार) की बड़ी खबरें… महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह महिलाओं को आरक्षण और विधायी अधिकार देने के पक्ष में है या नहीं। मिर्जामुराद में एटीएम बूथ पर मदद करने के बहाने लोगों के कार्ड बदलकर खाते से रुपए निकालने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। काशी-तमिल संगमम 5.0 के तहत रविवार को तमिलनाडु से आए छात्रों का दल हनुमान घाट पहुंचा तो काशी और तमिलनाडु का सदियों पुराना रिश्ता फिर जीवंत हो उठा। अब पढ़िए सिलसिलेवार 10 खबरें 1-हनुमान घाट पर दिखा ‘मिनी तमिलनाडु’:छात्रों ने गंगा में डुबकी लगाई, कांची मठ में जानी दक्षिण भारतीय परंपराएं काशी की गलियों में तमिल संस्कृति की खुशबू और गंगा के घाटों पर दक्षिण भारतीय परंपराओं की झलक... काशी तमिल संगमम 5.0 के तहत रविवार को तमिलनाडु से आए छात्रों का दल हनुमान घाट पहुंचा तो काशी और तमिलनाडु का सदियों पुराना रिश्ता फिर जीवंत हो उठा। छात्रों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद आचार्यों ने उन्हें काशी के घाटों का धार्मिक महत्व और ऐतिहासिक विरासत बताई।पूरी खबर पढ़ें... 2-वाराणसी में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा- मोदी सरकार मातृशक्ति को अधिकार दिलाएगी महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह महिलाओं को आरक्षण और विधायी अधिकार देने के पक्ष में है या नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि हर बाधा को दूर कर मातृशक्ति को उसका अधिकार दिलाया जाएगा। सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय मंत्री रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित स्टूडेंट-फैकल्टी बिनाले 2026 का अवलोकन करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर अपनी बात रखी।पूरी खबर पढ़ें... 3-काल-भैरव मंदिर में पहली बार होंगे बाल स्वरूप के दर्शन, 150 साल पुरानी कलाकृतियां भी संवरेंगी काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा काल भैरव के प्राकट्य उत्सव (भैरवाष्टमी) को लेकर वाराणसी स्थित काल भैरव मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। एक दिसंबर को होने वाला इस बार का आयोजन कई मायनों में बेहद खास होने जा रहा है। मंदिर के आचार्य पंडित राजेश मिश्रा ने बताया कि पहली बार भैरव अष्टमी पर बाबा की बाल्यावस्था की प्रतिमा के दर्शन होंगे। यह प्रतिमा अष्टधातु से बनवाई गई है। इसके अपवा परिसर और उसके बाहर केके काटने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।पूरी खबर पढ़ें... 4-अस्सी और भगवानपुर एसटीपी मार्ग पर गंदगी देख भड़के नगर-आयुक्त:मौके पर खड़े होकर कराई सफाई वाराणसी की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ तथा चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से रविवार को नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्सी घाट, अस्सी नाला और भगवानपुर क्षेत्र में जगह-जगह फैली गंदगी को देखकर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल प्रभाव से स्वच्छता अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र को साफ करने के कड़े निर्देश दिए, जिसके बाद मौके पर ही सफाई कार्य संपन्न कराया गया।पूरी खबर पढ़ें... 5-वाराणसी के नदेसर में मिट्टी-धूल से राहगीर परेशान:नगर निगम ने पानी डालकर करवाया साफ शहर में स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम लगातार सख्त रुख अपना रहा है। लेकिन लगातार वाराणसी के नदेसर में मौजूद टकसाल सिनेमा हाल परिसर में हो रहे कंस्ट्रक्शन से ताज होटल के सामने मिटटी और धूल फैलाई जा रही है। इस प्रकरण में 28 सितंबर को नगर निगम ने टकसाल सिनेमा परिसर में ध्वस्तीकरण के दौरान निकलने वाले मलबे और मिट्टी को सड़क तथा पूरे मार्ग पर 4000 हजार का जुर्माना लगाया था। लेकिन एक बार फिर इससे निकली धूल दिक्कत का सबब बनी हुई है। जिसे निगम की गाड़ियां और कर्मचारी पानी फेंककर साफ करने से परेशान है।पूरी खबर पढ़ें… 6-वाराणसी में पड़ाव-रामनगर मार्ग 2 दिन रहेगा बंद: रेलवे पुल पर मेगा ब्लॉक, यात्रियों को होगी परेशानी उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल अंतर्गत काशी रेलवे स्टेशन को आधुनिक और मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी विकास परियोजना के तहत व्यासनगर और काशी रेलवे स्टेशन के बीच स्थित पुराने रेलवे पुल के चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। पुल पर गर्डर लॉन्चिंग और अन्य तकनीकी निर्माण कार्यों को सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए रेलवे प्रशासन ने 'मेगा ब्लॉक' लेने का निर्णय लिया है। इसके चलते वाराणसी शहर की सीमा पर स्थित प्रमुख पड़ाव-रामनगर सड़क मार्ग पर आगामी दो दिनों तक यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।पूरी खबर पढ़ें... 7-AI के दौर में युवाओं पढ़ रहे तिरुक्कुरल का पाठ:हिंदी की 27 बाल पुस्तकों का तमिल में अनुवाद जारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में जब दुनिया तकनीक के सहारे तेजी से बदल रही है, तब काशी में युवाओं को सदियों पुराने ज्ञान और जीवन मूल्यों का पाठ पढ़ाया जा रहा है। मौका है काशी तमिल संगमम् 5.0 का। रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के कृषि विज्ञान संस्थान स्थित शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में विद्यार्थियों के समूह-1 का शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू हुआ। इस बार आयोजन की थीम 'द यंग एंड द कुरल : डिजिटल पीढ़ी के लिए शाश्वत मूल्य' रखी गई है। इसमें तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं, भारतीय ज्ञान परंपरा और काशी की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया जा रहा है।पूरी खबर पढ़ें... 8-वाराणसी में ATM कार्ड बदलकर 50 हजार निकाले:पूर्व पीआरडी जवान गिरफ्तार, CCTV से पहचान वाराणसी के मिर्जामुराद में एटीएम बूथ पर मदद करने के बहाने लोगों के कार्ड बदलकर खाते से रुपए निकालने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया कन्हैयालाल (50) भदोही के औराई थाना क्षेत्र के उपरौठ गांव का रहने वाला है। वह पहले पीआरडी जवान था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 6 नवंबर को एसबीआई के एटीएम बूथ पर एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर उसके खाते से दो दिन में 50 हजार रुपए निकाल लिए थे। सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी पहचान हुई। आरोपी पहले भी भदोही में इसी तरह के मामले में जेल जा चुका है।पूरी खबर पढ़ें... 9-वाराणसी के ग्रामीण इलाकों में छाया घना कोहरा:विजिबिलिटी 20M तक रही, लाइट जलाकर चले वाहन वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार सुबह अचानक घने कोहरे ने दस्तक दी। सुबह होते ही सड़कों और आसपास के इलाकों में कोहरे की चादर छा गई। इसके चलते दृश्यता घटकर करीब 20 मीटर रह गई। कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर धीमी रफ्तार से सफर करना पड़ा। कोहरे के साथ तापमान में गिरावट से सुबह ठंड का असर भी बढ़ गया। वहीं, शहर और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता खराब होने से AQI 300 के पार पहुंच गया। कोहरे और प्रदूषण के कारण सड़क पर निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।पूरी खबर पढ़ें... 10- मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत शुरू:महंत शंकरपुरी ने श्रद्धालुओं को बांटे 17 गांठ वाले धागे धर्मनगरी काशी के प्रसिद्ध मां अन्नपूर्णा मंदिर में रविवार (29 नवंबर) से मां भगवती अन्नपूर्णा का वार्षिक 17 दिवसीय महाव्रत शुरू हो गया। परंपरा के अनुसार भोर में मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज ने व्रत के धागे का विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को धागा वितरित किया। मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही और श्रद्धालुओं ने मां अन्नपूर्णा के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। महंत शंकरपुरी महाराज ने बताया कि यह वार्षिक महाव्रत मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि से शुरू होकर मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की षष्ठी यानी चंपा छठ तक चलेगा।पूरी खबर पढ़ें...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User