दूज पर टीका कराने जा रहे 4 भाइयों की मौत:आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कार डीसीएम में घुसी; मौसेरे भाई ने सैफई में दम तोड़ा
इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चौबिया थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। इनमें तीन सगे भाई और उनका मौसेरा भाई शामिल है। हादसे में तीन भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। जबकि गंभीर घायल साल के मौसेरे भाई विकास की बुधवार रात दो बजे सैफई पीजीआई में मौत हो गई। कार में सवार दो बच्चे भी घायल हुए हैं। उनका उपचार चल रहा है। भाई दूज पर बहन से टीका कराने जा रहे परिवार की खुशियां हादसे के बाद मातम में बदल गईं। डीसीएम में पीछे से घुसी कार मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे चौबिया थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 118 के पास नगला सवी पूर्वी गांव के सामने आगरा से औरैया जा रही अर्टिगा कार आगे चल रहे डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के बोदला मोहल्ले का एक परिवार सवार था। सभी लोग अपने पैतृक गांव सहार, जिला औरैया जा रहे थे। तीन सगे भाइयों की मौके पर मौत हादसे में कार चला रहे 22 वर्षीय मोहित चौहान, 26 वर्षीय गोविंद और 25 वर्षीय हरिओम पुत्रगण परशुराम की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों सगे भाई थे। वहीं, उनके साथ कार में सवार मौसेरे भाई 20 वर्षीय विकास पुत्र दीनदयाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। रात दो बजे मौसेरे भाई ने भी तोड़ा दम गंभीर रूप से घायल विकास ने बुधवार रात करीब दो बजे उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई। विकास भी आगरा का रहने वाला था और गैस एजेंसी पर काम करता था। हरिओम फल-सब्जी का कारोबार करता था, जबकि गोविंद भी गैस एजेंसी पर काम करता था। 10 दिन पहले खरीदी थी अर्टिगा मृतकों के फुफेरे भाई रिंकू ने बताया कि तीनों सगे भाई उनके भांजे थे। मोहित ने करीब 10 दिन पहले ही अर्टिगा कार खरीदी थी। उसने कार किराये पर चलाने के लिए खरीदी थी। भाई दूज का त्योहार होने के चलते तीनों भाई अपने मौसेरे भाई विकास के साथ कार से पैतृक गांव सहार जा रहे थे। वहां उन्हें अपनी बहन से टीका करवाना था। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि त्योहार पर घर पहुंचने से पहले ऐसा हादसा हो जाएगा। दो बच्चे भी हादसे में घायल कार में सवार छह वर्षीय हिमांशु और 10 वर्षीय रोतेश भी हादसे में घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी ग्रामीण ने की चार मौतों की पुष्टि एसपी ग्रामीण श्रीश चंद्र ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अर्टिगा कार और डीसीएम के बीच हुई भिड़ंत में चार लोगों की मौत हुई है। चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जबकि हादसे में घायल दो बच्चों का उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर सीओ केपी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। सहायक सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पोस्टमार्टम के बाद आगरा जाएंगे परिजन बुधवार दोपहर करीब एक बजे चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शवों को लेकर आगरा रवाना होंगे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार और डीसीएम को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों और उनके मौसेरे भाई की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)