महोबा में चार घरों में चोरी, चेन और नकदी पार:दीपावली पर गांव गए लोगों के घर की वारदात, ताले भी तोड़े
महोबा शहर के दुबयानापुरा मोहल्ले में चोरों ने एक साथ चार सूने घरों को निशाना बनाया। मंगलवार और बुधवार की रात हुई वारदात के दौरान चोर ताले तोड़कर नगदी और जेवरात समेट ले गए। एक घर से एक लाख रुपए कीमत की सोने की चेन और 65 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दीपावली मनाने गांव गए थे परिवार शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर इलाके में एसआर पेट्रोल पंप के पीछे स्थित दुबयानापुरा मोहल्ले में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। दीपावली पर कई परिवार अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि चार सूने मकानों के ताले तोड़ दिए। पीड़ित तीरथ राजपूत भी परिवार के साथ गांव गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने उन्हें घर का ताला टूटने की सूचना दी। लौटकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर उनकी बड़ी बेटी की एक लाख रुपए कीमत की सोने की चेन और अलमारी में रखे 65 हजार रुपए नकद ले गए थे। तीन अन्य घरों को भी बनाया निशाना तीरथ राजपूत के अलावा चोरों ने सुरेंद्र राजपूत, रमेश राजपूत और केशव राजपूत के घरों के ताले भी तोड़ दिए। ये परिवार भी दीपावली मनाने अपने-अपने गांव गए हुए थे। चार घरों में एक साथ चोरी की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल 112 और स्थानीय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। तीरथ राजपूत ने शहर कोतवाली में लिखित तहरीर दी है। पुलिस गश्त न होने पर लोगों में आक्रोश स्थानीय निवासी ब्रजेंद्र राजपूत और अन्य लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि इलाके में नियमित गश्त होती तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती। पीड़ित परिवारों ने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरों का पता लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। शहर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)