एशिया के साइबर सिंडिकेट से जुड़े 2 लोगों पर FIR:3 संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले, म्यूल बैंक खाते से 90 हजार की ठगी की शिकायत

Nov 19, 2026 - 22:42
0
एशिया के साइबर सिंडिकेट से जुड़े 2 लोगों पर FIR:3 संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले, म्यूल बैंक खाते से 90 हजार की ठगी की शिकायत
पीलीभीत के बीसलपुर में दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों से संचालित साइबर सिंडिकेट से जुड़े संदिग्ध मोबाइल नंबरों के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। दूरसंचार विभाग की ओर से भेजी गई 155 संदिग्ध नंबरों की सूची की जांच में बीसलपुर के तीन नंबर मिले हैं। इनमें दो नंबर साजिद अंसारी और एक नंबर अवसार उर्फ अबरार के नाम पर दर्ज है। दोनों ग्राम मीरपुर वाहनपुर के निवासी हैं। पुलिस अब नंबर धारकों के साथ सिम विक्रेताओं और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। दूरसंचार विभाग ने भेजी थी संदिग्ध नंबरों की सूची पुलिस के मुताबिक, भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की एआई एवं डिजिटल इंटेलिजेंस यूनिट ने 23 अक्टूबर 2026 को ई-मेल के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सूची भेजी थी। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, साइबर क्राइम ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि सूची में शामिल कई नंबरों से नागरिकों के साथ साइबर ठगी या ठगी की कोशिश की शिकायतें पहले दर्ज हो चुकी थीं। इन नंबरों को बंद कराया गया था, लेकिन दोबारा जांच के बाद कुछ नंबर फिर उन्हीं लोगों को आवंटित कर दिए गए। पुलिस के अनुसार, इनका दोबारा साइबर अपराध में इस्तेमाल होने लगा। कुछ नंबरों के दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों से संचालित होने के संकेत भी मिले हैं। म्यूल बैंक खाते से 90 हजार की ठगी की शिकायत पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन साइवरज के तहत सामने आए एक म्यूल बैंक खाते का संबंध भी साजिद अंसारी से बताया गया है। इस खाते के जरिए 90 हजार रुपए की ऑनलाइन साइबर ठगी की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज है। सिम विक्रेताओं की भूमिका की भी जांच उप निरीक्षक मोहित सिंह की शिकायत पर साजिद अंसारी और अवसार उर्फ अबरार के खिलाफ साइबर ठगी से जुड़ी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मोबाइल नंबर धारकों के साथ सिम विक्रेताओं और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User