सहारनपुर में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार:बेटों को दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप
सहारनपुर में जमीन विवाद का मुकदमा वापस लेने और कब्जा छोड़ने का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी नसीम अहमद को गिरफ्तार किया है। सदर बाजार पुलिस ने उसे गुरुवार शाम 4 बजे दीवानी कचहरी के पास से पकड़ा। वह काफी समय से फरार था। पुलिस के मुताबिक,नसीम पर रंगदारी मांगने,जान से मारने और झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप है। मामला मिर्जापुर थाना क्षेत्र के सफीपुर गांव के मेघराज की शिकायत पर दर्ज हुआ था। मेघराज ने 24 अप्रैल 2026 को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2011 में उनकी पत्नी सविता की दिल्ली-यमुनोत्री रोड पर करीब 49 बीघा जमीन का बैनामा धोखाधड़ी से कराया गया था। आरोप है कि 5 बीघा जमीन बेचने की बात कहकर रसूख के दम पर पूरी 49 बीघा जमीन अपने नाम करा ली गई। मेघराज को इसकी जानकारी करीब तीन-चार साल बाद हुई। मेघराज का आरोप है कि जमीन का कब्जा नहीं छोड़ने पर वर्ष 2014 में उनके खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया था। वह इस मामले में कोर्ट से बरी हो गए। इसके बाद वर्ष 2019 में जमीन हड़पने के आरोप में इकबाल उर्फ बाला,उसके बेटे और अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया। जांच के दौरान इसमें जालसाजी से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गईं और कोर्ट में चार्जशीट दाखिल हुई। मेघराज ने शिकायत में आरोप लगाया कि जमीन विवाद का मुकदमा वापस लेने और जमीन से अपना हक छोड़ने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। करीब 15 दिन पहले शिवालिक रेस्टोरेंट के पास इमरान,इखलाक और अश्वनी ने उन्हें रोका और धमकी दी। आरोप है कि तीनों ने कहा कि जमीन का विवाद खत्म नहीं किया तो उनके बेटों को दुष्कर्म के मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। शिकायत के आधार पर मिर्जापुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले की जांच सदर बाजार थाने के एसआई विपिन कुमार कर रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नसीम अहमद पुत्र अब्दुल गफूर निवासी मिर्जापुर पोल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में इंस्पेक्टर नेमचंद सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामनिवास, हेड कांस्टेबल अजय कुमार और कांस्टेबल मोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)