एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार:देवरिया में अलग-अलग बैंकों के 64 कार्ड और नकदी बरामद

Nov 15, 2026 - 19:50
0
एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार:देवरिया में अलग-अलग बैंकों के 64 कार्ड और नकदी बरामद
देवरिया में एटीएम पर लोगों का कार्ड बदलकर उनके खाते से रुपये निकालने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को रविवार शाम करीब 4 बजे गिरफ्तार किया गया। सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दोनों को सोनूघाट इलाके से पकड़ा। उनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 64 एटीएम कार्ड और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जिले में कार्ड बदलकर ठगी की सात घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मदद के बहाने कार्ड और पिन हासिल करते थे पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रविवार शाम 6 बजे गिरफ्तारी का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य एटीएम के आसपास ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे, जिन्हें रुपये निकालने में परेशानी होती थी। इनमें बुजुर्ग और कम पढ़े-लिखे लोग शामिल रहते थे। गिरोह का एक सदस्य पहले एटीएम की स्क्रीन को टच कर मशीन में तकनीकी खराबी जैसी स्थिति पैदा करता था। इसके बाद जब कोई व्यक्ति कार्ड लगाकर पिन डालता और रुपये नहीं निकलते, तो दूसरा सदस्य मदद करने के बहाने पहुंच जाता था। वह पीड़ित से उसका कार्ड लेकर पिन की जानकारी हासिल कर लेता था और उसी बैंक का मिलता-जुलता दूसरा कार्ड थमा देता था। पीड़ित को कार्ड बदलने की जानकारी नहीं हो पाती थी। बाद में आरोपी असली कार्ड और पिन का इस्तेमाल कर दूसरे एटीएम से खाते में जमा रकम निकाल लेते थे। गोरखपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बशारतपुर निवासी मोहित निषाद (28) पुत्र राजू निषाद और सिकरीगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी संदीप मिश्रा (36) पुत्र स्वर्गीय देवनारायण मिश्रा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने देवरिया के सोनूघाट, विकास भवन, भटवलिया चौराहा, जिला पंचायत कार्यालय के सामने, राघवनगर और बरहज इलाके में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, इन घटनाओं में कोतवाली थाने में छह और बरहज थाने में एक मुकदमा पहले से दर्ज था। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से 64 एटीएम कार्ड मिले। इनमें एसबीआई के 14, एचडीएफसी के आठ, पंजाब नेशनल बैंक के सात, बैंक ऑफ बड़ौदा के सात, केनरा बैंक के सात, एक्सिस बैंक के पांच, यूनियन बैंक के पांच, सेंट्रल बैंक के तीन, इंडियन बैंक के तीन, कोटक बैंक के दो, आईसीआईसीआई बैंक के दो और बड़ौदा यूपी बैंक का एक कार्ड शामिल है। पुलिस ने नकदी बरामद होने की भी जानकारी दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पहले से दर्ज सात मुकदमों में की बढ़ोतरी की गई है। संबंधित मामलों में आईटी एक्ट की धारा 66डी और बीएनएस की अन्य धाराएं भी शामिल हैं। मोहित पर 19, संदीप पर चार से अधिक मुकदमे एसपी ने बताया कि मोहित निषाद के खिलाफ गोरखपुर, कुशीनगर, बलिया और देवरिया समेत विभिन्न जिलों में पहले से 19 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, धोखाधड़ी और आयुध अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं, संदीप मिश्रा के खिलाफ भी चार से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसपी ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। मामले की विवेचना जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User