गोरखपुर के नया गांव में बनेगा डॉग शेल्टर होम:नसबंदी से इलाज तक मिलेगी सुविधा; शासन को भेजी गई रिपोर्ट
गोरखपुर में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने और उनके सुरक्षित रखरखाव के लिए प्रस्तावित डॉग शेल्टर होम के निर्माण की बाधा दूर हो गई है। करीब 11 महीने से जमीन की तलाश में अटकी इस परियोजना के लिए नगर निगम ने रामपुर नया गांव में 10 हजार वर्गमीटर भूमि चिह्नित की है। संपत्ति विभाग ने जमीन से संबंधित रिपोर्ट शासन को भेज दी है। अब निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) को सौंपी जाएगी। जमीन चिह्नित होने के बाद परियोजना के धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है। दरअसल, नगर निगम को डॉग शेल्टर होम विकसित करने के लिए 5,285 वर्गमीटर जमीन की जरूरत थी। इसके लिए पिछले करीब 11 महीने से उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही थी। शासन की ओर से निर्धारित मानकों के अनुसार संयुक्त एबीसी सेंटर और डॉग शेल्टर होम के निर्माण के लिए 7,585 वर्गमीटर, जबकि केवल डॉग शेल्टर होम के लिए 5,285 वर्गमीटर जमीन की आवश्यकता है। गोरखपुर में एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर पहले से संचालित है। ऐसे में यहां अलग से डॉग शेल्टर होम विकसित करने की योजना बनाई गई है। जरूरत से ज्यादा मिली जमीन, बाउंड्रीवॉल कराई जाएगी रामपुर नया गांव में नगर निगम ने कुल 10 हजार वर्गमीटर जमीन चिह्नित की है। यह प्रस्तावित शेल्टर होम के लिए निर्धारित आवश्यकता से अधिक है। ऐसे में निर्धारित क्षेत्र में शेल्टर होम का निर्माण कराया जाएगा, जबकि शेष जमीन को बाउंड्रीवॉल कराकर सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा। इससे भविष्य में जरूरत पड़ने पर इस जमीन का उपयोग भी किया जा सकेगा। नगर निगम की ओर से जमीन चिह्नित कर रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद अब निर्माण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होने का इंतजार है। नसबंदी के साथ एंटी रेबीज टीकाकरण और इलाज की सुविधा डॉग शेल्टर होम में शहर के आवारा कुत्तों को पकड़कर लाने के बाद उनकी नसबंदी और एंटी रेबीज टीकाकरण कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें सुरक्षित तरीके से रखने की व्यवस्था होगी। शेल्टर होम में कुत्तों के इलाज, भोजन और देखभाल के लिए भी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बीमार और घायल कुत्तों के उपचार की व्यवस्था होने से उन्हें बेहतर देखभाल मिल सकेगी। एबीसी सेंटर और शेल्टर होम का काम होगा अलग-अलग शहर में पहले से संचालित एबीसी सेंटर में कुत्तों की नसबंदी से जुड़ा काम किया जा रहा है। वहीं, प्रस्तावित डॉग शेल्टर होम में कुत्तों को सुरक्षित रखने और उनकी देखभाल की व्यवस्था विकसित की जाएगी। दोनों सुविधाओं के अलग-अलग काम होने से आवारा कुत्तों के प्रबंधन की व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। अब जमीन का चयन पूरा होने के बाद नगर निगम और कार्यदायी संस्था के स्तर से निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)