गोरखपुर में 4 लाख लोग अब तक नहीं बने वोटर:डीएम बोले- आबादी के हिसाब से 36 लाख मतदाता होने चाहिए, अभी 32 लाख ही दर्ज
गोरखपुर में आबादी के अनुपात में करीब 4 लाख मतदाताओं की कमी है। जिले की आबादी लगभग 57 लाख है, इसके हिसाब से करीब 36 लाख मतदाता होने चाहिए, जबकि मतदाता सूची में अभी लगभग 32 लाख नाम दर्ज हैं। शनिवार को सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा ने यह जानकारी दी। उन्होंने 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की। डीएम ने कहा कि युवा खुद मतदाता बनने के साथ परिवार और आसपास के पात्र लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी जरूरी है और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से छूटना नहीं चाहिए। 18 साल पूरे होते ही भरें फॉर्म-6 डीएम ने बताया कि जिले की आबादी का करीब 66 प्रतिशत हिस्सा 18 वर्ष से अधिक उम्र का है। इस आधार पर लगभग 36 लाख मतदाता होने चाहिए, लेकिन अभी इनकी संख्या करीब 32 लाख है। करीब 4 लाख पात्र लोग अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि 18 और 19 साल के युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। जिन विद्यार्थियों की उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है, वे तत्काल फॉर्म-6 भरें। जिनकी उम्र अभी 18 साल नहीं हुई है, वे अपने माता-पिता, भाई-बहन और मोहल्ले के पात्र लोगों को नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। डीएम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाएं, ताकि कोई पात्र नागरिक सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। डीएम ने बूथों पर पहुंचकर देखी पुनरीक्षण की स्थिति मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत डीएम ने सेंट एंड्रयूज कॉलेज, डीबी इंटर कॉलेज और मड़वाड़ इंटर कॉलेज समेत जिले के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, फॉर्म भरने और घर-घर संपर्क अभियान की जानकारी ली। साथ ही पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने के काम में तेजी लाने और पूरी गंभीरता से अभियान चलाने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)