प्रयागराज में अवैध प्लाॅटिंग पर एक्शन:नेवादा समोगर में पांच निर्माण सील; छह मामलों में कराई जाएगी FIR
प्रयागराज में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने शनिवार को जोन-4 के नैनी इलाके में करीब तीन बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कर दी। अलग-अलग जगहों पर पांच अवैध निर्माण भी सील किए गए। कार्रवाई जोनल अधिकारी सूरज कुमार पटेल के नेतृत्व में हुई। टीम ने पहले मौजा नेवादा समोगर, परगना अरैल, तहसील करछना में कार्रवाई की। यहां शिव पूजन पांडेय और अन्य लोगों की ओर से करीब तीन बीघा जमीन पर की जा रही प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। इसी इलाके में चंदा पटेल पत्नी धर्मेंद्र कुमार पटेल और उदय तिवारी के निर्माण सील किए गए। हाईटेंशन पिलर के पास नेवादा समोगर में रुचि ओझा पत्नी जितेंद्र ओझा का निर्माण भी सील किया गया। इसी मौजे में अभिषेक तिवारी का निर्माण सील किया गया। मिर्जापुर रोड स्थित मौजा व्योहरा के जायसवाल नगर में मनोरमा जायसवाल पत्नी त्रिशूल जायसवाल का निर्माण भी सील किया गया। PDA अधिकारियों के मुताबिक, इन सभी छह मामलों में संबंधित थानों में FIR दर्ज कराने के लिए तहरीर दी जाएगी। प्राधिकरण ने कहा कि अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। PDA ने लोगों से जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता और स्वीकृत नक्शे की जांच करने की अपील की है। प्राधिकरण ने अवैध प्लाटिंग और बाढ़ क्षेत्र के साथ HFL (हाई फ्लड लेवल) क्षेत्र में प्लॉट खरीदने-बेचने से बचने को कहा है। कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी सूरज कुमार पटेल, भवन निरीक्षक कुंवर आनंद सिंह, सुपरवाइजर और PDA की प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)