ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चलती कार में लगी आग:परिवार के पांच लोग बाल-बाल बचे, दमकल की 2 गाड़ियों ने आग बुझाई

Nov 05, 2026 - 22:38
0
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चलती कार में लगी आग:परिवार के पांच लोग बाल-बाल बचे, दमकल की 2 गाड़ियों ने आग बुझाई
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गुरुवार देर शाम चलती सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। आग लगते ही पीछे के दोनों दरवाजे लॉक हो गए। ऐसे में महिलाओं और बच्चों को आगे की खिड़की से सीटों के ऊपर से निकालकर जान बचाई गई। कुछ ही देर में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना बिसरख थाना क्षेत्र में अजनारा होम्स सोसाइटी के पास की है। गुरुवार देर शाम परिवार कार से जा रहा था। सोसाइटी के पास पहुंचते ही कार के अगले हिस्से से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। चालक और आगे की सीट पर बैठा व्यक्ति तुरंत बाहर निकल आए, लेकिन पीछे के दोनों दरवाजे लॉक हो गए थे। इसके बाद महिलाओं और बच्चों को आगे की खिड़की से आगे की सीटों के रास्ते बाहर निकाला गया। सभी के बाहर आते ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी। रात 9:05 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। दमकल की दो गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं। सभी पांच लोग समय रहते कार से बाहर निकल आए थे। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। कार सीएनजी से चलती थी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User