लखीमपुर में एक महिला समेत चार लड़कियों की चोटी कटी:सभी अलग-अलग कमरों में सो रहे, पुलिस ने अंधविश्वास बताया

Nov 05, 2026 - 22:38
0
लखीमपुर में एक महिला समेत चार लड़कियों की चोटी कटी:सभी अलग-अलग कमरों में सो रहे, पुलिस ने अंधविश्वास बताया
लखीमपुर खीरी में घर में सो रही एक महिला और तीन बच्चियों के बाल कटे मिले। सभी अलग-अलग कमरे में सो रही थीं। घर के सभी दरवाजे बंद थे। परिजनों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने पहली नजर में इसे अंधविश्वास से जुड़ा मामला बताया है। खबर आसपास के गांवों में फैल गई। ग्रामीण वहां जमा हो गए। मामला जिला मुख्यालय से 80 किलोमीटर दूर मझगई थाना क्षेत्र के पिरथीपुरवा चौराहे का है। अब जानिए पूरा मामला… पिरथीपुरवा चौराहे पर रहने वाले अतहर हुसैन के घर में परिवार के लोग अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। अतहर के भाई सद्दाम की पत्नी आसरीन बानो (23) अपने बच्चों के साथ एक कमरे में थीं। सुबह उनके बाल कटे मिले। इशरत की बेटी आरजू आसमीन (19) दूसरे कमरे में सो रही थीं। उनके बाल भी कटे मिले। हामिद की बेटी शानवी (11) अपनी दादी के साथ अलग कमरे में थीं। उनके बाल भी कटे हुए थे। अतहर हुसैन की बेटी शबा (16) के बाल भी कटे मिले। घर के सभी दरवाजे बंद थे परिजनों के मुताबिक, घर के सभी दरवाजे बंद थे। रात करीब 1:15 बजे आरजू आसमीन पानी पीने के लिए उठीं और अपने बाल कटे देखे। उनकी आवाज सुनकर परिवार के लोग जागे। दूसरे कमरों में जाकर देखा तो तीन अन्य महिलाओं और बच्चियों के बाल भी कटे मिले। सूचना मिलने पर मझगई थाना पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। सुबह खबर आसपास के गांवों में फैली तो ग्रामीण वहां जमा हो गए। थाना प्रभारी सुनील मलिक ने बताया- पहली नजर में मामला अंधविश्वास से जुड़ा लग रहा है। परिवार के लोग दर्जी का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के किसी सदस्य के ऐसा करने की आशंका है। घर अंदर से बंद था और किसी बाहरी व्यक्ति के आने के साफ संकेत नहीं मिले।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User