सपा के मथुरा महानगर अध्यक्ष भारत भूषण शर्मा बने:अखिलेश यादव की संस्तुति के बाद नियुक्ति पत्र जारी; पहले पार्टी से निष्कासित हो चुके हैं

Nov 05, 2026 - 22:38
0
सपा के मथुरा महानगर अध्यक्ष भारत भूषण शर्मा बने:अखिलेश यादव की संस्तुति के बाद नियुक्ति पत्र जारी; पहले पार्टी से निष्कासित हो चुके हैं
मथुरा में समाजवादी पार्टी ने मथुरा महानगर संगठन की कमान युवा नेता एवं अधिवक्ता भारत भूषण शर्मा को सौंपी है। पार्टी हाईकमान ने उनके नाम पर मुहर लगाते हुए उन्हें महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की संस्तुति के बाद केंद्रीय कार्यालय से उनकी नियुक्ति का आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया। उनकी नियुक्ति की जानकारी मिलते ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। भारत भूषण शर्मा की नियुक्ति को महानगर में समाजवादी पार्टी के संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गौरतलब है कि पूर्व में कथित अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें महानगर संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। सांगठनिक स्तर पर भारत भूषण शर्मा की नियुक्ति के पीछे उनके पुराने संगठनात्मक अनुभव और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को अहम माना जा रहा है। वह पूर्व में लोहिया वाहिनी और मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने संगठन के लिए काम किया और कार्यकर्ताओं के बीच अपनी पहचान बनाई। नई जिम्मेदारी मिलने पर भारत भूषण शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना, कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उनकी नियुक्ति पर पूर्व जिलाध्यक्ष तनवीर अहमद, डॉ. राजन रिजवी, सुभाष पाल, मुन्ना मलिक, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल, डॉ. अशोक अग्रवाल, रणवीर धनगर और साहुन खान समेत तमाम पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User