गर्मी में ठंडक देने वाले स्प्रिंकलर अब प्रदूषण धो रहे:बीते 20 दिनों से खतरनाक स्तर पर हवा, AQI 500 के पार

Nov 29, 2026 - 14:50
0
गर्मी में ठंडक देने वाले स्प्रिंकलर अब प्रदूषण धो रहे:बीते 20 दिनों से खतरनाक स्तर पर हवा, AQI 500 के पार
कानपुर में एयर पॉल्यूशन का स्तर लगातार खतरनाक बना हुआ है। दीपावली के बाद से करीब 20 दिनों से शहर का एक्यूआई 300 से 400 के बीच बना हुआ है। रात के समय यह 500 के पार तक पहुंच रहा है। ऐसे में गर्मी के दिनों में सड़कों पर तापमान कम करने के लिए चलाए जाने वाले नगर निगम के वाटर स्प्रिंकलर अब प्रदूषण से राहत देने का काम कर रहे हैं। जीटी रोड पर दिन और रात दोनों समय इनसे पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इससे सड़क की धूल बैठ रही है और हवा में उड़ने वाले धूल के कणों को कम करने में मदद मिल रही है। निजी और सरकारी आंकड़ों में अंतर दरअसल, सर्दी बढ़ने के साथ शहर में प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है। निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, रात में शहर का एक्यूआई 500 के पार पहुंच रहा है, जबकि दिन में भी यह 300 से 400 के बीच बना हुआ है। वहीं, सरकारी एप समीर पर एक्यूआई 150 से 250 के आसपास दर्ज हो रहा है। दोनों प्लेटफॉर्म के आंकड़ों में इतना अंतर होने से प्रदूषण की वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बावजूद सरकारी आंकड़ों में इसका कम नजर आना जांच का विषय है। सांस के मरीजों की बढ़ी परेशानी प्रदूषण बढ़ने का असर अस्पतालों में भी दिखने लगा है। हैलट और जिला अस्पताल (उर्सला) में सांस लेने में परेशानी, खांसी और त्वचा में एलर्जी की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीज बढ़े हैं। हैलट अस्पताल के एसआईसी डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि ठंड का मौसम शुरू होते ही एयर पॉल्यूशन बढ़ने लगता है। इससे पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित मरीजों की परेशानी बढ़ने की आशंका रहती है। एक्यूआई बढ़ने पर सामान्य लोगों को भी आंख और नाक में एलर्जी, गले में खराश जैसी समस्याएं हो सकती हैं। डॉक्टर बोले मास्क पहनकर निकले डॉ. अग्रवाल ने बताया कि प्रदूषण से बचाव के लिए सभी लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनें। खासकर शाम के समय प्रदूषण का स्तर अधिक बढ़ता है, इसलिए इस दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User