हाईकोर्ट ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल वकीलों का ब्योरा मांगा:13 का लंबा इतिहास, 82 पर जमीन कब्जाने में शामिल होने की जानकारी

Nov 24, 2026 - 00:00
0
हाईकोर्ट ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल वकीलों का ब्योरा मांगा:13 का लंबा इतिहास, 82 पर जमीन कब्जाने में शामिल होने की जानकारी
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने गंभीर अपराधों और जमीनों पर अवैध कब्जे में शामिल अधिवक्ताओं की अलग-अलग सूची मांगी है। कोर्ट ने कैसरबाग जिला अदालत परिसर में मारपीट के मामले से जुड़ी पुलिस की खुफिया रिपोर्ट देखने के बाद यह निर्देश दिया। न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की खंडपीठ ने राज्य सरकार से आपराधिक इतिहास वाले वकीलों का विस्तृत ब्योरा मांगा। सुनवाई के दौरान सरकार ने 225 अधिवक्ताओं की सूची पेश की थी। कोर्ट ने इसे पर्याप्त नहीं माना, क्योंकि इसमें एक मुकदमे या छोटे मामलों का सामना कर रहे वकीलों के नाम भी थे। सरकार ने बताया कि 13 अधिवक्ताओं का लंबा आपराधिक इतिहास है। वहीं, 82 वकीलों की पहचान जमीन और संपत्तियों पर कब्जे की गतिविधियों में शामिल होने के संबंध में की गई है। कोर्ट ने इन दोनों श्रेणियों की अलग-अलग सूची देने को कहा। मामला लखनऊ जिला कोर्ट से जुड़ा यह मामला कैसरबाग जिला अदालत परिसर में एक वादकारी और दिल्ली से आए उसके अधिवक्ताओं के साथ मारपीट से जुड़ा है। हाईकोर्ट ने इस घटना पर स्वतः संज्ञान लेकर जनहित याचिका दर्ज की थी। सुनवाई के दौरान पुलिस के खुफिया विभाग ने कथित रूप से घटना में शामिल वकीलों के बारे में सीलबंद रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट देखने के बाद कोर्ट ने सौरभ कुमार वर्मा, हर्षित पाण्डेय उर्फ यश पाण्डेय और अभय प्रताप वर्मा को शपथ पत्र के साथ आयकर रिटर्न, चल-अचल संपत्तियों, व्यवसाय और पिछले पांच वर्षों में संपत्तियों की खरीद-बिक्री का पूरा ब्योरा देने का आदेश दिया। मामले में आरटीआई और जनहित याचिका के कथित दुरुपयोग को लेकर एक अधिवक्ता के खिलाफ भी कोर्ट ने सख्त आदेश दिया। तीनों के जेल में बंद होने के कारण जेल प्रशासन को जेल मैनुअल के अनुसार उनके वकीलों से मुलाकात कराने का निर्देश भी दिया गया, ताकि शपथ पत्र दाखिल किया जा सके। अग्रिम जमानत लंबित होने से कुर्की पर रोक नहीं इसी जनहित याचिका के साथ ऐशबाग के एक विवादित परिसर पर जबरन कब्जे के मामले समेत कुल 34 मामलों की सुनवाई भी हुई। राज्य सरकार ने बताया कि इस प्रकरण में 19 आरोपियों में से 13 गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें छह को जमानत मिल गई है, जबकि छह आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों के खिलाफ उद्घोषणा और कुर्की की कार्रवाई के लिए निचली अदालत में अर्जी दी गई है। हालांकि, उनकी अग्रिम जमानत याचिकाएं लंबित होने के कारण इस पर विचार नहीं हो सका। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि अग्रिम जमानत याचिका लंबित होने से फरारी की उद्घोषणा और कुर्की की कार्रवाई नहीं रुकती। कोर्ट ने लखनऊ के जिला जज से इस संबंध में रिपोर्ट भी तलब की है। आरटीआई और जनहित याचिका दाखिल करने पर लगाई रोक सुनवाई के दौरान न्यायालय ने दो अन्य याचिकाओं पर भी विचार किया। इनमें एक अधिवक्ता पर आरटीआई के जरिए सूचनाएं मांगने और जनहित याचिकाएं दाखिल करने की प्रक्रिया का दुरुपयोग करने का आरोप था। कोर्ट ने संबंधित अधिवक्ता के आरटीआई आवेदन देने और जनहित याचिका दाखिल करने पर रोक लगा दी। हालांकि, न्यायालय ने कहा कि वह अधिवक्ता के खिलाफ लगे आरोपों का विस्तार से उल्लेख नहीं करना चाहता। ऐसा करने से संबंधित याची की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही समाज में वकीलों की सामान्य प्रतिष्ठा पर भी अनावश्यक सवाल खड़े हो सकते हैं। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User