बांदा अस्पताल में ऑपरेशन के लिए 5 हजार रुपए मांगे:वीडियो में महिला कर्मचारी मरीज से रकम मांगती सुनाई दी, CMS ने जांच कराने की बात कही

Nov 24, 2026 - 11:25
0
बांदा अस्पताल में ऑपरेशन के लिए 5 हजार रुपए मांगे:वीडियो में महिला कर्मचारी मरीज से रकम मांगती सुनाई दी, CMS ने जांच कराने की बात कही
बांदा जिला अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया सामने आया है। इसमें डॉक्टर के केबिन में बैठी महिला कर्मचारी मरीज से ऑपरेशन के लिए 5 हजार रुपए मांगती सुनाई दे रही है। मरीज ने आयुष्मान कार्ड होने की बात कही, फिर भी उससे रकम जमा कराने को कहा गया। वीडियो में एक पुरुष कर्मचारी ऑपरेशन के खर्च के बारे में पूछता सुनाई देता है। महिला कर्मचारी पहले 10 हजार रुपए खर्च होने की बात कहती है। मरीज के आयुष्मान भारत कार्ड की जानकारी देने पर वह 5-6 हजार रुपए खर्च होने की बात बताती है। बातचीत में वह ऑपरेशन का खर्च 20 से 25 हजार रुपए और आयुष्मान योजना से कुछ रकम कटने की बात भी कहती है। वीडियो रविवार का बताया जा रहा है। मरीज कहता है कि उसे दोनों तरफ हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराना है। वह अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति बताते हुए एक तरफ का ऑपरेशन 3 हजार रुपए में करने की गुहार लगाता है। महिला कर्मचारी 5 हजार रुपए जमा कराने को कहती है। मरीज बार-बार रकम कम करने की मांग करता है, लेकिन कर्मचारी 5 हजार रुपए से कम में ऑपरेशन करने को तैयार नहीं होती। वीडियो सामने आने के बाद जिला अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों के इलाज के नाम पर कथित वसूली को लेकर सवाल उठे हैं। इससे पहले मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने पहुंचे समाजसेवी प्रमोद आजाद ने अपनी मां के इलाज के दौरान 20 हजार रुपए लेने की शिकायत की थी। जिला अस्पताल के CMS डॉ. के. कुमार ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्हें एक नर्स द्वारा मरीज से ऑपरेशन के नाम पर पैसे मांगने की जानकारी मिली है। उन्होंने मामले की जांच कराने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User