हाईकोर्ट ने माफिया सूची के मानक बताने को कहा:टॉप-50 में नाम शामिल करने की प्रक्रिया पर मांगा जवाब; याची के मामले में भी पूछा
किसी व्यक्ति को माफिया घोषित करने और प्रदेश की टॉप-50 माफिया सूची में शामिल करने के लिए सरकार कौन से मानक अपनाती है? हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने राज्य सरकार से पूरी प्रक्रिया बताने को कहा है। अदालत ने यह भी पूछा कि याची का नाम सूची में शामिल करने से पहले तय प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं।
न्यायमूर्ति अब्दुल मोईन और न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने बहराइच निवासी गब्बर सिंह उर्फ देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजेश सिंह की याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने सरकार को दो सप्ताह में हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया।
याची ने उसे माफिया घोषित करने और प्रदेश की टॉप-50 माफिया सूची में नाम शामिल करने के फैसले को चुनौती दी है। सुनवाई के दौरान सरकार ने बताया कि राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव ने 17 मार्च 2026 को दाखिल हलफनामे में पहले के हलफनामे में ‘भूमाफिया’ शब्द गलती से इस्तेमाल होने की बात मानी है। सरकार के मुताबिक, याची को भूमाफिया घोषित नहीं किया गया है।
सरकार ने यह भी बताया कि जिलाधिकारी बहराइच ने 11 मार्च 2026 के पत्र में साफ किया था कि एक मई 2017 के शासनादेश के तहत याची के खिलाफ भूमाफिया मानकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, अदालत ने कहा कि याचिका का असल विवाद याची को माफिया घोषित करने और टॉप-50 सूची में शामिल करने से जुड़ा है।
पुलिस अधीक्षक बहराइच के हलफनामे के साथ 15 अप्रैल 2026 का आदेश भी पेश किया गया। इसमें बताया गया कि याची के भाई ने उसका नाम टॉप-50 माफिया सूची से हटाने के लिए आवेदन किया था, जिसे खारिज कर दिया गया।
सरकारी वकील ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। कोर्ट ने सरकार से माफिया घोषित करने, टॉप-50 सूची बनाने और उसमें किसी व्यक्ति का नाम बनाए रखने की प्रक्रिया विस्तार से बताने को कहा। साथ ही, सरकार को यह भी स्पष्ट करना है कि याची के मामले में इन नियमों का पालन हुआ था या नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)