इस्कॉन में प्रभुपाद के तिरोभाव दिवस पर पुष्पांजलि:मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने उनके तीन सिद्धांतों पर बात की
लखनऊ के इस्कॉन मंदिर में शनिवार को विश्व गुरु श्रील प्रभुपाद का तिरोभाव दिवस मनाया गया। इस दौरान भक्तों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके जीवन, संघर्ष और आध्यात्मिक योगदान को याद किया गया। मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने प्रभुपाद के जीवन से जुड़े प्रमुख प्रसंगों और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। अपरिमेय श्याम प्रभु ने बताया कि श्रील प्रभुपाद का मूल नाम अभयचरण डे था। उनका जन्म कलकत्ता के बंगाली कायस्थ परिवार में हुआ था। वर्ष 1922 में गुरुदेव श्रील भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर से मुलाकात के बाद उनके जीवन की दिशा बदल गई। उन्होंने भगवद्गीता पर टिप्पणी लिखने के साथ गौड़ीय मठ के कार्यों में सहयोग शुरू किया। बिना आर्थिक मदद के पहुंचे अमेरिका, इस्कॉन की स्थापना की वर्ष 1944 में उन्होंने बिना किसी बाहरी सहायता के अंग्रेजी पत्रिका शुरू की। इसका संपादन, टंकण और प्रूफ रीडिंग भी खुद करते थे। 1947 में गौड़ीय वैष्णव समाज ने उन्हें 'भक्तिवेदांत' की उपाधि दी। 1959 में संन्यास लेने के बाद उन्होंने वृंदावन में श्रीमद्भागवत का अंग्रेजी अनुवाद शुरू किया। गुरुदेव के निर्देश पर 70 वर्ष की उम्र में वे बिना आर्थिक सहायता के अमेरिका पहुंचे। वर्ष 1966 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) की स्थापना की। इसके जरिए कृष्ण भक्ति और हरे कृष्ण महामंत्र का दुनियाभर में प्रचार किया। 14 बार किया विश्व भ्रमण, वैदिक शिक्षा को बढ़ावा दिया प्रभुपाद ने 1968 में अमेरिका के वर्जीनिया में नव-वृंदावन की स्थापना की। 1972 में टेक्सास के डलास में गुरुकुल शुरू किया। उन्होंने भक्तिवेदांत बुक ट्रस्ट और भक्तिवेदांत इंस्टीट्यूट की भी स्थापना की। 1966 से 1977 के बीच 14 बार विश्व भ्रमण कर कृष्ण भक्ति का प्रचार किया। कार्यक्रम के अंत में भक्तों ने कीर्तन और नृत्य किया। हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन के साथ श्रील प्रभुपाद का गुणगान किया गया
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)