वाराणसी में 15 सेकेंड में चुराया 20 हजार का मोबाइल:मोबाइल शॉप के काउंटर से झोले में रखा, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड बाजार में बुधवार रात ग्राहक बनकर आए दो शातिर चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाया और कीमती स्मार्टफोन लेकर फरार हो गए। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एक साथ दो युवक करीब पौने 7 बजे शाम को दुकान पर पहुंचे और दूकानदार से मोबाइल दिखाने को कहा दूकानदार मोबाइल दिखाने लगा और 15 सेकेंड में लाल हुडी पहने युवक ने एक मोबाइल अपने झोले में डाल लिया। मोबाइल की कीमत 20 हजार रुपए बताई गयी है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में लगी हुई है और सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश कर रही है। बातों में उलझाकर दिया वारदात को अंजाम
कछवा रोड स्थित 'न्यू महेश मोबाइल शॉप' के संचालक महेश गुप्ता ने बताया कि बुधवार रात करीब 7 बजे दो युवक ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर आए। दोनों ने मोबाइल खरीदने के बहाने काउंटर पर रखे कई नए फोन दिखाने के लिए मांगे। दुकानदार जब उन्हें मोबाइल दिखाने में व्यस्त था, तभी एक युवक ने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाए रखा। इसी बीच मौके का फायदा उठाकर दूसरे युवक ने काउंटर पर रखा एक नया Ai+ Nova 2 Pro 5G स्मार्टफोन बड़ी सफाई से उठाया और अपने झोले में डाल लिया। इसके बाद दोनों युवक कुछ ही पलों में वहां से रफूचक्कर हो गए। सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की करतूत
महेश ने बताया - चोरों के जाने के कुछ देर बाद जब माल चेक करने लगा तो फोन गायब होने की जानकारी हुई। इसपर तुरंत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक काउंटर से मोबाइल उठाकर अपने झोले में रख रहा है, जबकि उसका दूसरा साथी दुकानदार का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित दुकानदार महेश गुप्ता कछवा रोड स्थित पुलिस बूथ पर पहुंचे। वहां उन्होंने मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा और चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह को पूरे मामले की लिखित व मौखिक जानकारी देते हुए अपना बयान दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानदार से सीसीटीवी फुटेज चौकी प्रभारी के व्हाट्सएप नंबर पर भेजने को कहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अज्ञात चोरों की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)