जौनपुर में 8 महिलाओं समेत 14 लोग गिरफ्तार:पुलिस ने चोरी की 4 बाइक, सोने की चेन और 4 मोबाइल बरामद किए
जौनपुर में पुलिस ने चोरी के आरोप में आठ महिलाओं समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की चार बाइक, सोने की एक चेन, चार मोबाइल फोन और 8,180 रुपए नकद बरामद किए। शुक्रवार शाम 5 बजे पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कोतवाली, मछलीशहर और मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की। कोतवाली पुलिस ने पांच पुरुषों और तीन महिलाओं समेत गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 3,480 रुपए, पीली धातु की एक चेन, चोरी की दो बाइक और चार मोबाइल फोन मिले। पुलिस के मुताबिक, चेन कोतवाली में दर्ज चोरी के मामले से जुड़ी है। एक बाइक गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले की है। पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वे बिहार के रहने वाले हैं और अलग-अलग जिलों में घूमकर काम करते हैं। वे मेलों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मौका देखकर बाइक चुराते थे। गिरोह की महिलाएं बाजारों और कस्बों में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और चेन काटकर चोरी करती थीं। चोरी का सामान बेचकर मिली रकम से वे अपना खर्च चलाते थे। पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें कोर्ट भेजा जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)