मैनपुरी में मकान का छज्जा गिरा, दो राजमिस्त्री दबे:एक की हालत गंभीर, 30 दिन पहले बना था छज्जा
मैनपुरी में निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान के छज्जे पर ईंटें चढ़ाते समय अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे में छज्जे के ऊपर काम कर रहे दो राजमिस्त्री मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने करीब 15 मिनट तक मशक्कत कर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक मजदूर की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा शुक्रवार शाम करीब 5 बजे शहर के करहल रोड स्थित मुखिया हलवाई वाली गली में हुआ। यहां दीपक यादव के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। बताया गया है कि करीब 30 दिन पहले मकान के बाहर छज्जे का निर्माण कराया गया था। शुक्रवार को पहली मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान छज्जे पर बड़ी संख्या में ईंटें चढ़ाई जा रही थीं। छज्जे के ऊपर राजमिस्त्री 45 वर्षीय जितेंद्र पुत्र बुलाकी निवासी मोहल्ला गाड़ीवान और शैतान सिंह निवासी मोहल्ला अग्रवाल काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। दोनों राजमिस्त्री छज्जे के मलबे में दब गए। छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। अचानक हुए हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां दोनों का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि शैतान सिंह की हालत ज्यादा गंभीर बनी हुई है। घायल जितेंद्र के भांजे अनमोल ने बताया कि वह भी अपने मां के साथ निर्माण दिन मकान पर काम करने के लिए गया हुआ था, यह हादसा उसके सामने हुआ। उसने बताया कि छज्जे पर दीवाल बनाने का काम किया जा रहा था तभी अचानक पूरा छज्जा नीचे जा गिरा। जिसमें उसके मामा समेत दो लोग घायल हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)