BJP अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले मोहम्मद शमी:अमरोहा सदर सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज; कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे

Nov 29, 2026 - 15:58
0
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले मोहम्मद शमी:अमरोहा सदर सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज; कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शनिवार रात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से उनके दिल्ली आवास पर मुलाकात की। रविवार को मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद अमरोहा सदर विधानसभा सीट से उनके चुनाव लड़ने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि शमी और नितिन नवीन के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। हालांकि, मुलाकात का एजेंडा और चर्चा के मुद्दों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दरअसल, उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहने वाले मोहम्मद शमी का नाम पिछले काफी समय से जिले की राजनीति में चर्चा में है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी तेज गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले शमी के राजनीति में आने और अमरोहा सदर सीट से चुनाव लड़ने के कयास पहले भी लगाए जाते रहे हैं। हालांकि, मोहम्मद शमी के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने आरएलडी या भाजपा में जाने की बात पर कहा- अभी इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। समय आने पर सब कुछ बताया जाएगा। जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद भी हुई थी चर्चा शमी के राजनीतिक रुख को लेकर अटकलें उस समय भी तेज हुई थीं, जब उन्होंने 20 सितंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद उनके रालोद में शामिल होने और अमरोहा सदर सीट से चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर चर्चा शुरू हुई थी। अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद एक बार फिर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्यों खास है अमरोहा सदर सीट अमरोहा सदर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का लंबे समय से प्रभाव रहा है। मुस्लिम बहुल इस सीट से महबूब अली वर्ष 2002 से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। भाजपा को अब तक इस सीट पर जीत नहीं मिली है। ऐसे में शमी के नाम की चर्चा ने इस सीट के संभावित चुनावी समीकरणों को लेकर दिलचस्पी बढ़ा दी है। सपा ने महबूब अली पर जताया भरोसा एक तरफ मोहम्मद शमी के नाम को लेकर चर्चाएं हैं, वहीं समाजवादी पार्टी ने भी अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी की ओर से घोषित पांच विधानसभा प्रत्याशियों में अमरोहा सदर सीट से महबूब अली का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। महबूब अली को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का करीबी माना जाता रहा है। अमरोहा की राजनीति में भी उनका खासा प्रभाव है। ऐसे में इस सीट पर शमी के नाम की चर्चा और सपा की ओर से महबूब अली की दावेदारी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं हो रही हैं। शमी किस राजनीतिक दल के साथ शुरू करेंगे नई पारी भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद शमी के राजनीतिक रुख को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक किसी राजनीतिक दल में शामिल होने या अमरोहा सदर सीट से चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। भाजपा और रालोद की ओर से भी उन्हें टिकट देने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि क्रिकेट के मैदान पर अपनी पहचान बनाने वाले मोहम्मद शमी राजनीति में कदम रखेंगे या नहीं। उनकी मुलाकातों को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच अमरोहा सदर सीट पर सबकी नजर बनी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User