झांसी में मजदूर की मौत पर हंगामा:ग्रामीणों ने लगाया जाम, ट्रैक्टर की टक्कर से गई थी जान
झांसी में ट्रैक्टर की टक्कर से मजदूर की मौत के बाद बुधवार सुबह ग्रामीणों ने भोजला मंडी के पास उन्नाव बालाजी मार्ग पर जाम लगा दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर नारेबाजी की और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का आरोप है कि मुकेश पर रंजिश के चलते दोबारा ट्रैक्टर चढ़ाया गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर पकड़ लिया था, लेकिन देर रात कुछ लोग मारपीट कर उसे छुड़ाकर ले गए। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर सीओ सिटी प्रिया सिंह समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। मारपीट कर ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने का आरोप मृतक के चाचा नरेश ने बताया कि हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया था। आरोप है कि देर रात ट्रैक्टर मालिक की ओर से स्कॉर्पियो में सवार होकर कई लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मारपीट की और जबरन ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाकर ले गए। नरेश का आरोप है कि अस्पताल में भी स्कॉर्पियो सवार लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ बदसलूकी और मारपीट की। इसके बाद आरोपी वहां से भागने लगे तो परिजनों ने शोर मचाकर उनका पीछा किया। मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहा था मुकेश सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम केशवपुर निवासी 28 वर्षीय मुकेश अहिरवार राजमिस्त्री का काम करता था। मंगलवार देर शाम वह झांसी में मजदूरी करने के बाद अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। गांव के रास्ते पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पहली टक्कर के बाद दोबारा ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप मुकेश की मौत के बाद परिजनों ने हादसे को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि यह सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि रंजिश के चलते की गई वारदात है। परिजनों के मुताबिक, पहली टक्कर के बाद मुकेश सड़क पर गिर गया था। इसके बाद उसके ऊपर दोबारा ट्रैक्टर चढ़ाया गया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई कर रही पुलिस सीओ सिटी प्रिया सिंह ने बताया कि केशवपुर निवासी 28 वर्षीय मुकेश पुत्र स्वामी प्रसाद की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हुई थी। बुधवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने जाम लगाया था। समझाने और कार्रवाई का भरोसा देने पर उन्होंने जाम खोल दिया। घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)