जमाल सिद्दीकी ने आजम को सीएम-चेहरा बनाने की मांग की:रामपुर में बोले, अखिलेश यादव उन्हें आगे करें; ऋषि-सूफी संवाद से सामाजिक सद्भाव मजबूत होगा
रामपुर में ऑल इंडिया दरगाह कमेटी के चेयरमैन और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर रामपुर पहुंचे। शाम करीब चार बजे गांधी समाधि मार्ग स्थित संत शिरोमणि रविदास सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने सामाजिक सद्भाव, गंगा-जमुनी तहजीब और मुस्लिम समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को आजम खान को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए। जमाल सिद्दीकी ने कहा कि अखिलेश यादव को आजम खान को केवल वरिष्ठ नेता तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाना चाहिए। यदि सपा मुस्लिम समाज के सम्मान, आवाज और राजनीतिक हिस्सेदारी की पक्षधर है तो उसे आजम खान के संघर्ष और अनुभव का सम्मान करना चाहिए। उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने से मुस्लिम समाज का राजनीतिक विश्वास बहाल करने में मदद मिलेगी। ऋषि-सूफी संवाद से मजबूत होगी साझा संस्कृति पत्रकार वार्ता के बाद जमाल सिद्दीकी दरगाह खुर्मा शरीफ पहुंचे। यहां हजरत फहद मियां निजामी की अध्यक्षता में आयोजित सूफी संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ऑल इंडिया दरगाह कमेटी के ऋषि-सूफी संवाद अभियान की जानकारी दी। कहा कि ऋषि और सूफी परंपराएं प्रेम, करुणा, सहिष्णुता और इंसानियत का संदेश देती हैं। संवाद और आपसी विश्वास के जरिए देश की साझा संस्कृति को मजबूत करना समय की जरूरत है। उन्होंने नई पीढ़ी यानी जेनरेशन जेड को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। कहा कि सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक के माध्यम से युवाओं तक भारत की साझा संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और आपसी सम्मान का संदेश पहुंचाया जाएगा। इससे युवा भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के वाहक बन सकेंगे। कई दरगाहों पर चादरपोशी कर मांगी अमन की दुआ इसके बाद जमाल सिद्दीकी ने दरगाह हजरत शाह विलायत, नानकार और दरगाह हाफिज शाह जमालुल्लाह में जियारत कर चादरपोशी की। उन्होंने देश में अमन, शांति, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष वसीम खान ने उन्हें रामपुरी वायलिन भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कमाल बाबर, उमर फारूक अशरफी, फैसल मुमताज, कय्यूम खान, नदीम खान, नूर आलम, यामीन पाशा, फसाहत खां राजू और मोहम्मद गुलरेज सैफी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)