कानपुर जिला जेल में भाई-दूज पर उमड़ी बहनों की भीड़:भाइयों को तिलक लगाकर जल्द रिहाई के लिए प्रार्थना की, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
कानपुर जिला जेल में बुधवार को भाई-दूज का पर्व भावुक माहौल के बीच मनाया गया। जेल की ऊंची दीवारों और सलाखों के पीछे बंद भाइयों से मिलने के लिए सुबह से ही बहनों की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथों में मिठाई और पूजन सामग्री लेकर पहुंचीं बहनों की आंखों में भाई से मिलने की खुशी थी तो लंबे समय से दूर रहने का दर्द भी साफ झलक रहा था। दोपहर तक करीब 300 से अधिक महिलाएं जेल पहुंचकर अपने भाइयों को तिलक लगाने और मिठाई खिलाने पहुंचीं। इस दौरान कई भाई-बहन एक-दूसरे से मिलकर भावुक हो गए। किसी ने भाई का हाथ थामा तो किसी ने गले लगाकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। जेल की सलाखों के बीच छलका भाई-बहन का प्यार भाई-दूज के अवसर पर जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। जेल अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय के बताया कि सुबह से ही जिला कारागार के मुख्य द्वार के बाहर महिलाओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। सुरक्षा जांच के बाद बहनों को बारी-बारी से जेल परिसर के अंदर प्रवेश दिया गया। पूजन सामग्री और मिठाई की सघन चेकिंग के बाद उन्हें अपने भाइयों से मिलने का मौका मिला। जेल परिसर में पहुंचने के बाद बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और मिठाई खिलाई। इसके बाद भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। कई बहनों ने भगवान से अपने भाइयों की जल्द रिहाई की प्रार्थना भी की। वहीं, बंदी भाइयों ने भी बहनों को भाई-दूज की शुभकामनाएं दीं और उनके खुशहाल जीवन की कामना की। किसी ने गले लगाया तो किसी की आंखें भर आईं जेल में भाई-दूज मनाने के दौरान कई ऐसे भावुक पल सामने आए, जिन्हें देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। लंबे समय बाद बहनों को सामने देखकर कई बंदी अपने आंसू नहीं रोक सके। किसी ने बहन का हाथ पकड़कर परिवार का हाल जाना तो किसी ने उसे गले लगाकर अपना प्यार जताया। बहनों ने भी भाइयों को ढांढस बंधाया और जल्द घर लौटने की उम्मीद दिलाई। कुछ बहनों ने परिवार के सदस्यों और बच्चों का हाल भी साझा किया। सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम भाई-दूज पर बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने को देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मुख्य प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग की गई। जेल परिसर के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। प्रवेश से पहले महिलाओं और उनके साथ लाई गई सामग्री की जांच की गई। इसके बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। जेल प्रशासन की विशेष व्यवस्थाओं के चलते बंदियों और उनकी बहनों को परंपरा के अनुसार भाई-दूज मनाने का अवसर मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)