दिशा छात्र संगठन ने छोटा बघाड़ा में पैदल मार्च निकाला:नुक्कड़ सभा में समान और निशुल्क शिक्षा की मांग उठाई
प्रयागराज में ज्योतिबा फुले के स्मृति दिवस पर दिशा छात्र संगठन ने शनिवार शाम छोटा बघाड़ा के धरहरिया इलाके में पैदल मार्च निकाला। इसके बाद नुक्कड़ सभा हुई, जिसमें फुले के सामाजिक योगदान और उनके विचारों की आज के समय में प्रासंगिकता पर चर्चा की गई। सभा में हर्ष ने कहा कि ज्योतिबा फुले ने सामाजिक रूढ़ियों, जातिगत भेदभाव और सती प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने 19वीं सदी की रूढ़िवादी परंपराओं को चुनौती दी। हर्ष ने बताया कि ज्योतिबा फुले ने अपनी जीवनसाथी सावित्रीबाई फुले के साथ 1848 में पुणे में बालिका विद्यालय शुरू किया। उनका संघर्ष महिलाओं और वंचित तबकों को शिक्षा का अधिकार दिलाने की दिशा में रहा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के निजीकरण से आर्थिक बाधाएं बढ़ रही हैं। बड़ी आबादी के लिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना मुश्किल होता जा रहा है। महिलाओं को घर, स्कूल और कार्यस्थल सहित कई जगहों पर असमानता और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। हर्ष ने कहा कि ऐसे समय में ज्योतिबा फुले के विचार और प्रासंगिक हो जाते हैं। उनके विचारों के आधार पर समाज को नए सिरे से गढ़ने और सभी के लिए निशुल्क एवं समान शिक्षा की लड़ाई आगे बढ़ाने की जरूरत है। पैदल मार्च और नुक्कड़ सभा में अमन, अनमोल, सूरज, निधि, चन्द्रप्रकाश, आकाश और हर्ष सहित अन्य लोग शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)