बीएचयू का प्रॉक्टोरियल बोर्ड भंग करने की मांग:छात्र संगठनों ने एमएमवी में छात्रा के साथ छेड़खानी का लगाया आरोप,बोले-कुलपति स्वत: संज्ञान लेकर करें कारवाई
बीएचयू स्थित महिला महाविद्यालय में छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और प्रोफेसर के साथ मारपीट की घटना का आरोप लगाकर छात्रों ने कुलसचिव और छात्र अधिष्ठाता को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि शुक्रवार को रिसर्च स्कॉलर के साथ छेड़खानी हुई थी और उसके बाद प्रोफेसर के साथ मारपीट भी हुई। छात्रों ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड को भंग कर आरोपी अधिकारी को निलंबित करने की मांग की। शनिवार को एनएसयूआई और एबीवीपी की ओर से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई। चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने बताया कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड के इंटेलीजेंस ने सूचित किया है कि छात्रों ने ज्ञापन दिया है। लेकिन उनके पास कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि ऐसा कुछ होता है तो जांच के बाद कार्रवाई के लिए संस्तुति की जाएगी। वही,अभी इस पूरे मामले में पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन को किसी लड़की ने लिखित शिकायत पत्र नहीं दिया है। ABVP ने मामले में जांच की उठाई मांग एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष पल्लव ने कहा - आरोपित शिक्षक का प्रॉक्टोरियल बोर्ड का सदस्य होना जांच की निष्पक्षता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। साथ ही, विद्यार्थियों की शिकायतों एवं समस्याओं पर उचित सुनवाई नहीं होने से वर्तमान प्रॉक्टोरियल व्यवस्था के प्रति विश्वास कमजोर हुआ है। इसलिए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आरोपित शिक्षक को तत्काल प्रशासनिक दायित्वों से हटाया जाए तथा जांच को प्रभावित करने की आशंका वाले अन्य संबंधित व्यक्तियों को भी उनके प्रशासनिक दायित्वों से पदमुक्त किया जाए। NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन मामले का स्वतः संज्ञान ले इकाई अध्यक्ष मुरारी कुमार ने विश्वविद्यालय प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वतः संज्ञान लेकर स्वतंत्र और समयबद्ध जांच समिति गठित करे, जिसमें छात्राओं का पर्याप्त प्रतिनिधित्व हो। संबंधित शिक्षक पर लगे आरोपों की जांच कर प्रथम दृष्टया पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही शिक्षक के साथ हुई कथित मारपीट की अलग से जांच हो। छात्रा पर शिकायत वापस लेने या बयान बदलने का दबाव बनाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)