कानपुर में महिला ने सुसाइड किया:परिवार के लोग बोले- बेटी की हत्या की गई, पति उसे काली कहकर ताना मारता था

Nov 08, 2026 - 15:15
0
कानपुर में महिला ने सुसाइड किया:परिवार के लोग बोले- बेटी की हत्या की गई, पति उसे काली कहकर ताना मारता था
कानपुर के सीसामऊ में दीपावली की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब नवविवाहिता की मौत की खबर पहुंची। रविवार दोपहर ससुराल में 30 वर्षीय महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पति ने फोन कर मायके पक्ष को आत्महत्या की जानकारी दी। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे तो बेटी का शव फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही पति और ससुराल के लोग बेटी को प्रताड़ित करने लगे थे। पति अक्सर उसे काली कहकर ताना मारता था। साथ ही मायके से हैसियत के मुताबिक दहेज नहीं मिलने की बात कहकर परेशान किया जाता था। आरोप है कि पति आए दिन उसके साथ मारपीट भी करता था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। मौत से एक दिन पहले शनिवार देर शाम भी उसने अपनी मां को फोन कर ससुराल में प्रताड़ित किए जाने की बात बताई थी। उसने मां से कहा था कि मम्मी, मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग बहुत परेशान करते हैं। मां ने दीपावली के बाद उसे घर लाने का भरोसा दिया था, लेकिन अगले ही दिन उसकी मौत की खबर आ गई। फरवरी में हुई थी शादी, तीन-चार महीने बाद शुरू हुआ उत्पीड़न बिठूर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव निवासी सुशील त्रिवेदी प्राइवेट कर्मचारी हैं। परिवार में पत्नी मंजू त्रिवेदी, बेटे मनीष और अश्वनी के अलावा बेटी रुचि (30) थी। सुशील ने बताया कि उन्होंने बेटी रुचि की शादी बीते 18 फरवरी को सीसामऊ के जवाहर पार्क निवासी राजेश मिश्रा के बेटे गोपाल मिश्रा से की थी। गोपाल और उसके पिता दादानगर स्थित फैक्ट्री में टीवी के सर्किट बनाने का काम करते हैं। गोपाल भी अपने पिता के साथ फैक्ट्री के काम में हाथ बंटाता है। सुशील के मुताबिक शादी के शुरुआती तीन-चार महीने तक सबकुछ ठीक रहा। इसके बाद ससुरालीजन बेटी को तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगे। कभी उसके रंग को लेकर ताने दिए जाते तो कभी दहेज कम मिलने की बात कहकर अपमानित किया जाता था। पति अक्सर कहता था कि तुम काली हो और मेरा बेटा अच्छा है। आरोप है कि विरोध करने पर बेटी के साथ मारपीट भी की जाती थी। रुचि ने कई बार परिवार के लोगों से अपनी परेशानी बताई, लेकिन उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। शनिवार रात मां को फोन कर कहा- मुझे यहां से ले जाओ मंजू त्रिवेदी ने बताया कि शनिवार देर शाम बेटी रुचि का फोन आया था। उसने रोते हुए बताया कि ससुराल के लोग उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। पति कभी उसके रंग को लेकर ताने देता है तो कभी मायके से हैसियत के मुताबिक दहेज नहीं मिलने की बात कहता है। पति आए दिन मारपीट करता है। बेटी ने मां से कहा कि मुझे यहां से ले जाओ, अब यहां नहीं रहना है। इस पर मां ने उसे समझाते हुए दीपावली के बाद घर आकर ले जाने की बात कही थी। रविवार को परिवार के लोग घर में दीपावली की तैयारियां कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे दामाद गोपाल मिश्रा का फोन आया। उसने बताया कि रुचि ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में बेटी की ससुराल पहुंचे। वहां रुचि का शव फंदे से लटकता देखकर परिवार के लोग बदहवास हो गए। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी मौत के लिए ससुराल पक्ष जिम्मेदार है। पुलिस ने समझाकर शांत कराया, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ भी की। इस दौरान मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और हत्या का आरोप लगाया। एसीपी बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई एसीपी सीसामऊ आनंद ओझा ने बताया कि नवविवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 1
Angry Angry 0

Comments (0)

User