कार में साइड लगने पर विवाद, बस चालक को पीटा:पल्लवपुरम पुलिस चौकी के सामने फ्लाईओवर के नीचे हुई घटना, मारपीट में चालक लहूलुहान
मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में शनिवार शाम के समय महानगर बस सेवा की इलेक्ट्रिक बस का रुड़की रोड पर एक कार में साइड लगने को लेकर विवाद हो गया। पहले बस चालक और कार सवारों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवारों ने बस चालक राकेश के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में चालक को चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। घटना शनिवार को पल्लवपुरम पुलिस चौकी के सामने फ्लाईओवर के नीचे हुई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले गई। जानकारी के अनुसार, मेरठ महानगर बस सेवा की इलेक्ट्रिक बस मेरठ से सवारियां लेकर दौराला की ओर जा रही थी। बस मोदीपुरम से भूड़बराल रूट पर संचालित होती है जिसका नंबर UP15 GT 0868 और चालक का नाम राकेश है। इसी दौरान रुड़की रोड पर पल्लवपुरम पुलिस चौकी के सामने फ्लाईओवर के नीचे बस की एक कार में साइड लग गई। इसी बात को लेकर कार सवारों ने बस चालक से आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कार सवारों ने चालक राकेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद प्रकरण से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें चालक के कपड़ों पर खून लगा भी दिखाई दे रहा है और वीडियो बनाने वाला व्यक्ति घटना की जानकारी दे रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद के बाद उन्हें थाने ले जाया गया। घायल बस चालक को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया, ताकि उसकी चोटों की जांच हो सके। पुलिस मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। ग्रीनसेल कंपनी कर रही बसों का संचालन मेरठ में महानगर बस सेवा के तहत इलेक्ट्रिक बसों का संचालन ग्रीनसेल कंपनी की ओर से किया जा रहा है। वहीं, मेरठ में इन बसों को वीएसके के माध्यम से ऑपरेट किया जा रहा है। शनिवार को जिस बस के चालक के साथ मारपीट हुई, वह मोदीपुरम से भूड़बराल रूट पर चलती है। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया जा रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)