करंट लगने से निजी लाइनमैन की मौत:सुल्तानपुर में जेई समेत 3 पर केस, पत्नी की शिकायत पर FIR

Nov 28, 2026 - 06:59
0
करंट लगने से निजी लाइनमैन की मौत:सुल्तानपुर में जेई समेत 3 पर केस, पत्नी की शिकायत पर FIR
सुल्तानपुर में करंट लगने से निजी लाइनमैन दुर्गा प्रसाद (38) की मौत के मामले में पुलिस ने जेई समेत तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। अखंडनगर थाने में शुक्रवार रात उनकी पत्नी प्रियंका देवी की शिकायत पर FIR दर्ज की गई। रिपोर्ट में अलीपुर पावर हाउस के जेई दीनदयाल यादव, मिसिरपुर जलालपुर में तैनात चन्द्रजीत यादव और अहिरीफिरोजपुर पावर हाउस के कर्मचारी बिमलेश यादव को नामजद किया गया है। मामले की जांच सीओ कादीपुर को सौंपी गई है। शिकायत के मुताबिक, दुर्गा प्रसाद करीब पांच साल से जेई दीनदयाल यादव के अधीन निजी लाइनमैन के तौर पर काम कर रहे थे। 26 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे फोन आने पर वे मिसिरपुर जलालपुर में खराब ट्रांसफार्मर या लाइन ठीक करने गए थे। आरोप है कि पहुंचने में देरी होने पर दीनदयाल यादव ने जातिसूचक शब्द कहकर उनका अपमान किया और पोल पर चढ़ने के बाद करंट से मरवाने की धमकी दी। चन्द्रजीत यादव पर भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि दुर्गा प्रसाद ट्रांसफार्मर ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े, तभी बिमलेश यादव ने कथित तौर पर जानबूझकर लाइन चालू कर दी। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम 4:25 बजे शव अखंडनगर के दहलवा (पौधान रामपुर) स्थित घर पहुंचा। कुछ ग्रामीण शव को मुख्य सड़क पर ले आए, जिससे करीब तीन मिनट तक रास्ते पर आवाजाही रुकी रही। अखंडनगर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने ग्रामीणों को समझाया। उन्होंने उच्चाधिकारियों के पहुंचने और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शव लेकर घर लौट गए। मौके पर पहुंचीं एसडीएम कादीपुर मयंक मृदुल ने आदेश दिया कि 24 घंटे के भीतर अलीपुर पावर हाउस के सभी स्थानीय कर्मचारियों को हटाकर बाहर से नया स्टाफ तैनात किया जाए। उन्होंने कहा कि उपकेंद्र पर अब कोई स्थानीय कर्मचारी नहीं रहेगा। एसडीएम ने परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता के तौर पर 50 हजार रुपए दिए। उन्होंने अखंडनगर अस्पताल में भर्ती दुर्गा प्रसाद के एक बेटे के स्वास्थ्य की जानकारी फोन पर डॉक्टर से ली और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। दुर्गा प्रसाद के शव का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी प्रियंका देवी और तीन बेटे प्रिंस (17, बीए छात्र), अंकुश उर्फ अंशू (16, हाईस्कूल छात्र) और मनीष (14, कक्षा 9 छात्र) हैं। उनके छोटे भाई सिकंदर (35) नासिक में बेकरी का काम करते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User