लेक्चरर-भर्ती परीक्षा में 16प्रश्न पुराने पेपर से दोहराने का आरोप:हाईकोर्ट ने आयोग को दिया एक सप्ताह का समय, 16 नवंबर तक रिजल्ट घोषित नहीं करने का दिया आश्वासन
गवर्नमेंट इंटर कॉलेज में गणित के प्रवक्ता (लेक्चरर) पद की भर्ती परीक्षा में प्रश्नों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि परीक्षा में पूछे गए 20 प्रश्नों में से करीब 16 प्रश्न वर्ष 2020 में हुई प्रवक्ता भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र से दोहराए गए हैं। साथ ही ये प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर होने का भी दावा किया गया है। इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आयोग को एक सप्ताह का समय देते हुए विवादित प्रश्नों की जांच कराने का निर्देश दिया है। आयोग ने कोर्ट को भरोसा दिलाया है कि 16 नवंबर 2026 तक परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा। न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने हर्ष सक्सेना व छह अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि परीक्षा में पूछे गए 20 प्रश्नों में से लगभग 16 प्रश्न वर्ष 2020 में आयोजित गवर्नमेंट इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र से दोहराए गए हैं। आरोप है कि ये प्रश्न आयोग की ओर से जारी विज्ञापन में निर्धारित गणित के पाठ्यक्रम से बाहर हैं। इससे अभ्यर्थियों को नुकसान हुआ है। सुनवाई के दौरान आयोग की ओर से कोर्ट को बताया गया कि 16 नवंबर 2026 तक परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा। आयोग ने विवादित 16 प्रश्नों के पाठ्यक्रम में शामिल होने या नहीं होने की जांच के लिए विशेषज्ञ की राय लेने का हवाला देते हुए एक सप्ताह का समय मांगा। कोर्ट ने आयोग को समय देते हुए याचिका की अगली सुनवाई 16 नवंबर को निर्धारित की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)