लखीमपुर में बदला मौसम, बारिश से गर्मी से राहत:पक रही धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ी

Sep 25, 2026 - 12:37
0
लखीमपुर में बदला मौसम, बारिश से गर्मी से राहत:पक रही धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ी
लखीमपुर खीरी में एक हफ्ते की तेज धूप और गर्मी के बाद मौसम बदल गया है। गुरुवार शाम को हल्की बारिश हुई, जो शुक्रवार सुबह 5 बजे से कई इलाकों में तेज हो गई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, खेतों में पक रही धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 24 सितंबर को लखीमपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 3.6 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ। इस दौरान 24 घंटे में एक मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। 25 सितंबर को अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री रहने और बारिश के कुछ दौर आने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए भी बारिश का अनुमान जताया है। 26 सितंबर को तापमान 24 से 29 डिग्री, 27 सितंबर को 24 से 30 डिग्री, 28 सितंबर को 25 से 31 डिग्री और 29 सितंबर को 25 से 32 डिग्री के बीच रह सकता है। 30 सितंबर तक भी हल्के बादल छाए रहने और बारिश या गरज-चमक के कुछ दौर आने की संभावना है। यह बदला हुआ मौसम आम लोगों के लिए राहत लेकर आया है, लेकिन धान किसानों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। जिले में बड़ी संख्या में धान की फसल पकने वाली है। कई खेतों में धान लगभग आधा पक चुका है। जिन खेतों में पहले से पानी भरा है, वहां कटाई और फसल निकालना मुश्किल होगा। बारिश के साथ तेज हवा चलने पर पक चुकी फसल के खेत में गिरने का खतरा है। इससे धान की गुणवत्ता खराब हो सकती है और उत्पादन में भी नुकसान हो सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User