लखनऊ उत्सव में देश-विदेश के कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं:यूपी दर्शन पार्क में ‘धरती आबा’ नाटक मंचित
लखनऊ के यूपी दर्शन पार्क में चलरहे अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव में बुधवार को लोक और जनजातीय संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। देश के अलग-अलग राज्यों के साथ कजाकिस्तान और मालदीव के कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दीं। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित नाटक ‘धरती आबा’ ने दर्शकों को भावुक कर दिया। वहीं, पारंपरिक नृत्य, संगीत और वेशभूषा ने जनजातीय विरासत की झलक दिखाई। उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान की ओर से आयोजित उत्सव के तीसरे दिन सोनभद्र के कलाकारों ने झूमर और डोमकच नृत्य प्रस्तुत किया। पीलीभीत के कलाकारों ने थारू जनजातीय नृत्य से समां बांधा। छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने गौर मड़िया और कंछार की प्रस्तुति दी। वहीं, मध्य प्रदेश के कलाकारों ने बैगा परधौनी नृत्य पेश किया। झारखंड के कलाकारों ने ‘धरती आबा’ नाटक के जरिए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और विरासत को मंच पर उतारा। कजाकिस्तान और मालदीव के कलाकार भी शामिल कार्यक्रम में कजाकिस्तान और मालदीव से आए कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। लोक संगीत, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और रंग-बिरंगी वेशभूषा के जरिए कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान दिखाई। प्रस्तुतियों में जनजातीय समाज के रहन-सहन, प्रकृति से जुड़ाव और परंपराओं की झलक देखने को मिली। संस्थान के निदेशक अतुल द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरिश चंद्र मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। 26 नवंबर को होगा समापन उत्सव का समापन 26 नवंबर को होगा। समापन समारोह में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शामिल होंगे। अंतिम दिन भी विभिन्न राज्यों और देशों के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। उत्सव का उद्देश्य देश-विदेश की लोक एवं जनजातीय संस्कृतियों को साझा मंच देना और उनके बीच सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)